भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक मंगलवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय में हुई। इसमें भाजपा के 14 वरिष्ठ नेताओं द्वारा प्रदेशभर का दौरा कर कार्यकर्ताओं से लिए गए फीडबैक पर विचार हुआ। कार्यकर्ताओं की नाराजगी की बात भी साझा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि असंतुष्ट और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए संवाद शुरू किया जाएगा। पार्टी छोटे कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं की नाराजगी को दूर करेगी।
नेताओं व कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने का जिम्मा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को दिया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं का लाभ लेने के लिए भी कार्य योजना बनाने का निर्णय लिया गया है। पार्टी के पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लिया जाएगा।
दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर कार्यकर्ता महाकुंभ
जनसंघ (कालांतर में भाजपा) के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन 25 सितंबर को पार्टी कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित करेगी। प्रदेश के सभी बूथों पर यह आयोजन होगा। इसके साथ ही आगामी पांच महीने के कार्यक्रमों के कैलेंडर को अंतिम रूप दिया गया है। भाजपा 64 हजार बूथों तक अपनी पकड़ को और मजबूत करने फिर से बूथ विस्तार अभियान भी चलाएगी।
2 of 2
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मन की बात के 100 एपिसोड पर कार्यक्रम
30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के मन की बात के 100 वें एपिसोड को हर बूथ पर 100 कार्यकर्ता सुनेंगे। पार्टी के बूथ कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भी बूथ पर पहुुंचेंगे।
मोदी सरकार के नौ साल पर अभियान
मोदी सरकार को जून महीने में 9 साल पूरे होने जा रहे हैं। 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मप्र भाजपा ने 15 मई से 15 जून तक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं से लेकर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, मंत्री और सांसद-विधायक बूथ स्तर तक जनता से संपर्क करने जाएंगे।
केंद्र-राज्य की योजनाओं का करेंगे प्रचार
कोर कमेटी में निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक लेकर जाएं और आम जनता को बताएं। प्रधानमंत्री आवास से लेकर लाड़ली बहना योजना, युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के साथ युवा नीति का कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करेंगे। योजनाओं के हितग्राहियों को भी पार्टी से जोड़ा जाएगा।
ये पदाधिकारी शामिल हुए बैठक में
प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह प्रभारी शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन सिंह कुलस्ते, सह प्रभार रामशंकर कठेरिया, सत्य नारायण जटिया, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री नरोत्तम मिश्रा, हरिशंकर खटीक, लाल सिंह आर्य सहित कोर ग्रुप के अन्य सदस्य शामिल हुए। कोरोना संक्रमित होने के कारण केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक में शामिल नहीं हो सके।