भारतीय प्रबंध संस्थान इंदौर ने देश के 20 आईआईएम और चुनिंदा प्रबंध संस्थान में दाखिले के लिए 29 नवंबर को हुए कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) का परिणाम घोषित कर दिया। राजधानी के पीयूष त्रिवेदी ने परीक्षा में 99.98 परसेंटाइल हासिल करके लखनऊ का नाम रोशन किया। वहीं, पिछले कई वर्षों से परीक्षा देने वाले एक शिक्षक ने एक बार फिर से 100 परसेंटाइल हासिल किया।
CAT Exam Results: टॉपर्स ने शेयर की सक्सेज स्टोरी, बोले- जॉब करते हुए की पांच घंटे पढ़ाई, अंग्रेजी पर बनाई पकड़
बहन के बाद भाई ने भी हासिल की अच्छी परसेंटाइल
लखनऊ निवासी पीयूष त्रिवेदी ने 99.98 परसेंटाइल हासिल किए हैं। पीयूष की बहन प्रिया त्रिवेदी ने भी 99 से ऊपर परसेंटाइल लेकर आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया है और आज वह एक प्रतिष्ठित संस्थान में बतौर मैनेजर कार्यरत है। पीयूष के अनुसार, कड़ी मेहनत के साथ ही मॉक टेस्ट का उसे फायदा मिला है।
आईईटी के दोस्तों ने हासिल की रैंक
लखनऊ में आईईटी से बीटेक करने वाले दो दोस्त प्रणव और बालकृष्ण ने भी कैट में अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रणव निगम ने 99.47 परसेंटाइल और बालकृष्ण ने 99.38 परसेंटाइल प्राप्त किए।
परीक्षा से पहले टूटा हाथ फिर भी किया कमाल
कैट में 99.15 परसेंटाइल हासिल करने वाले ऋषभ भाटिया का परीक्षा से एक माह पहले हादसे में दायां हाथ टूट गया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और ऑनलाइन माध्यम से तैयारी करते रहे। नतीजा उनके रिजल्ट में दिखाई दिया।
मॉक टेस्ट पर करें फोकस
99.25 परसेंटाइल हासिल करने वाले शिखर महेंद्रा ने कहा कि मैं इस समय ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विवि से इंग्लिश में बीए ऑनर्स कर रहा हूं। मेरा मानना है कि पढ़ाई में ध्यान के साथ ही मॉक टेस्ट जरूरी है। 99.25 परसेंटाइल के लिए अपने टीचर के साथ अपने पिता सुनील महेंद्रा को श्रेय देना चाहता हूं।