Yoga Poses To Improve Blood Circulation: बेहतर रक्त प्रवाह से शरीर में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य लाभ होते हैं। रक्त का सही प्रवाह शरीर के सभी अंगों तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचाता है, जिससे उनका सुचारू रूप से काम करना सुनिश्चित होता है। जब ब्लड सर्कुलेशन सही तरीके से होता है, तो शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है, हृदय स्वस्थ रहता है, और मांसपेशियों को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है।
Yoga Tips: अच्छे ब्लड सर्कुलेशन के हैं कई स्वास्थ्य लाभ, बेहतर रक्त प्रवाह के लिए करें ये योगासन
जब ब्लड सर्कुलेशन सही तरीके से होता है, तो शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है, हृदय स्वस्थ रहता है, और मांसपेशियों को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है।
ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने के लिए योगासन
नियमित योगाभ्यास से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। कुछ विशेष योगासन फेफड़ों, दिल और मांसपेशियों के बीच ऑक्सीजन और रक्त के प्रवाह को बढ़ावा देते हैं। आइए, जानते हैं उन योगासनों के बारे में जो ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं-
वज्रासन
इस आसन के अभ्यास के लिए घुटनों के बल बैठते हुए एंडी के ऊपर बल दें। रीढ़ की हड्डी सीधी रखें। आंखें बंद करके गहरी सांस लें और छोड़ें। इस आसन के अभ्यास से पाचन तंत्र बेहतर होता है और ब्लड सर्कुलेशन नियंत्रित रहता है। पेट की मांसपेशियों में दबाव पड़ता है और शरीर के निचले हिस्से में रक्त प्रवाह बढ़ता है।
त्रिकोणासन
दोनों पैरों को फैलाकर खड़े हो जाएं और दाएं हाथ को नीचे की ओर झुकाकर दाएं पैर के पास रखें। अब बाएं हाथ को ऊपर की ओर सीधा करे और गर्दन को ऊपर की ओर रखें। इस आसन के अभ्यास से रक्त प्रवाह बढ़ाता है और हृदय को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इससे शरीर में लचीलापन भी बढ़ता है।
शवासन
इस आसन के अभ्यास से शरीर को आराम देने के साथ ब्लड सर्कुलेशन को नियंत्रित किया जा सकता है। यह मानसिक और शारीरिक तनाव को दूर करने में मदद करता है। इस आसन को करने के लिए पीठ के बल लेटकर शरीर को पूरी तरह से ढीला छोड़ दें। इस दौरान गहरी और आरामदायक सांस लें।
सेतुबंधासन
सेतुबंधासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेटकर घुटनों को मोड़े और कमर को ऊपर उठाकर ब्रिज की तरह बनाएं। हाथों को जमीन पर रखते हुए गहरी सांस लें। इस आसन के अभ्यास से हृदय और फेफड़ों का कार्य बेहतर बनता है, जिससे रक्त का प्रवाह सुचारू रूप से होता है। यह रीढ़ की हड्डी और मांसपेशियों को भी मजबूत करता है।
-------------------
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।