शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी अंगों के बेहतर तरीके से काम करते रहने पर ध्यान देने की आवश्यकता होती है। शरीर को ठीक तरीके से काम करते रहने के लिए पेंक्रियाज यानी कि अग्न्याशय का स्वस्थ रहना बहुत आवश्यक माना जाता है। यह अंग एंजाइमों को उत्पन्न करके पाचन को ठीक रखने में मदद करते हैं। इसके साथ रक्तप्रवाह में शुगर की मात्रा को नियंत्रित करने वाले हार्मोन को रिलीज करने में भी इस अंग की विशेष भूमिका होती है। यही कारण है कि डायबिटीज के रोगियों को पेंक्रियाज को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है।
Yoga Tips: पेंक्रियाज की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं ये आसन, डायबिटीज और पाचन तंत्र की समस्याओं में भी लाभकारी
गोमुखासन योग से अग्नाश्य को मिलता है लाभ
गोमुखासन योग के अभ्यास की आदत को कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं के जोखिम को कम करने वाला माना जाता है। इस योग के अभ्यास की आदत किडनी, मूत्राशय को मजबूत करने और पाचन को सुधारने में आपके लिए सहायक हो सकती है। जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या रहती है, उन्हें इस योग के अभ्यास से लाभ मिल सकता है। यह आसन इंसुलिन की कार्यक्षमता को बढ़ाने के साथ ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में भी मददगार है।
उत्तानासन योग करने के लाभ
उत्तानासन योग के अभ्यास के लिए शरीर की सामने की तरफ बिल्कुल सीधा रखते हुए झुकाने की आवश्यकता होती है, इस योग के अभ्यास से पूरे शरीर की बेहतर तरीके से स्ट्रेचिंग हो जाती है। पाचन अंगों पर दबाव डालकर यह अंग अग्नाशय की कार्यक्षमता में सुधार करने में आपके लिए सहायक है। उत्तानासन योग के अभ्यास को नियमित रूप से दिनचर्या में शामिल करने से शरीर के कई अंगों में दर्द को कम करने और हृदय-फेफड़ों की कार्यक्षमता और रक्त के संचार को बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
मयूरासन योग करने के लाभ
मयूरासन को भी पेंक्रियाज की कार्यक्षमता बढ़ाने और संतुलन को बेहतर करने में कारगर योगासनों में से एक माना जाता है। यह मुद्रा फेफड़े, गुर्दे, अग्न्याशय और लिवर को उत्तेजित करने के लिए विशेष रूप से सहायक है। इसके अलावा गैस और मधुमेह जैसे रोगों के लक्षणों को कम करने में भी इस योग के अभ्यास से राहत पाया जा सकता है। मयूरासन योग के लिए विशेष एकाग्रता की आवश्यकता होती है, इसे विशेषज्ञ की निगरानी में करने की सलाह दी जाती है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।