अग्न्याशय, शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ शरीर में नमक और शर्करा की मात्रा को बेहतर बनाए रखने में अग्न्याशय का महत्वपूर्ण योगदान होता है। अग्न्याशय, इंसुलिन का उत्पादन करते हैं जिससे शरीर में ब्लड शुगर की मात्रा संतुलित बनी रहती है। यही कारण है कि अग्न्याशय में होने वाली कोई भी समस्या संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीवनशैली और आहार को बेहतर रखकर इस अंग को स्वस्थ रखा जा सकता है।
आज का योगासन: अग्न्याशय को स्वस्थ रखने के लिए कीजिए यह योगाभ्यास, ये बीमारियां रहेंगी दूर
पवन मुक्तासन योग
पवनमुक्तासन योग को आमतौर पर पेट को स्वास्थ बनाए रखने के लिए किया जाता है। योग विशेषज्ञ बताते हैं, पवनमुक्तासन योग अग्न्याशय के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक होते हैं। पवन मुक्तासन योग लिवर, प्लीहा, पेट और पेट की मांसपेशियों को मजबूत करने में भी सहायक है। जिन लोगों को अक्सर गैस की समस्या रहती है उनके लिए पवन मुक्तासन योग करना फायदेमंद होता है।
वज्रसान योग
पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने और पेट से संबंधित सभी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए यह आसन एक उत्कृष्ट विकल्प हो सकता है। अग्न्याशय को स्वस्थ बनाए रखने में इस योग के अभ्यास को लाभदायक माना जाता है। जिन लोगों को कमर के आसपास की चर्बी की समस्या रहती है, उनके लिए भी वज्रसान योग को फायदेमंद माना जाता है।
ताड़ासन योग
शरीर के समग्र संतुलन को बनाए रखने में ताड़ासन योग को विशेष फायदेमंद माना जाता है। जिन लोगों को अग्नाशय की समस्या रहती है, उनके लिए भी ताड़ासन योग का अभ्यास करना फायदेमंद माना जाता है। अग्नाशय की समस्याओं के कारण डायबिटीज की समस्या हो सकती है, ऐसे लोगों के लिए ताड़ासन योग करना लाभदायक हो सकता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।