शरीर में बढ़ी हुई फैट की मात्रा न सिर्फ आपके लुक को खराब कर देती है, साथ ही इसके सेहत पर भी कई तरह के नकारात्मक प्रभाव हो सकते हैं। पर क्या बढ़े हुए फैट को कम करना इतना आसान है? आमतौर पर शरीर के बढ़े हुए फैट को कम करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती होती है। डाइटिंग से लेकर रनिंग तक, जिम से लेकर तमाम तरह के फैट बर्नर उपकरणों के इस्तेमाल तक लोग इसके लिए तमाम तरह के उपायों को प्रयोग में लाते हैं, पर इससे लाभ बहुत कम ही मिल पाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक फैट बर्न करने के लिए आहार और शारीरिक गतिविधियों के संयोजन की आवश्यकता है। अगर आप भी शरीर के बढ़े हुए फैट की समस्या से परेशान हैं तो इसके लिए जीवनशैली में योग को शामिल करके आसानी से लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
आज का योगासन: शरीर के बढ़े हुए फैट को कम करना मुश्किल नहीं, इन योगासनों से जल्द दिखने लगेगा लाभ
चेयर पोज का अभ्यास
योग विशेषज्ञों के मुताबिक वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों के लिए चेयर पोज या उत्कटासन का अभ्यास करना काफी फायदेमंद हो सकता है। यह विशेष आसन न केवल आपके कोर एरिया को लक्षित करता है, बल्कि लोअर और अपर बैक के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। पेट की मांसपेशियों को सक्रिय करने में मदद करने के साथ चेयर पोज का अभ्यास शरीर से अतिरिक्त फैट को कम करने में भी सहायक होता है।
वीरभद्रासन योग
शरीर से अतिरिक्त फैट को कम करने के लिए वीरभद्रसान योग का अभ्यास करना आपके लिए लाभदायक हो सकता है। यह योगासन पैरों और बाहों को टोन करने के साथ-साथ शरीर के संतुलन को बेहतर बनाने के लिए जाना जाता है। जिन लोगों को फैट बढ़ने की समस्या होती है उनके लिए भी इस योगासन का अभ्यास करना फायदेमंद हो सकता है। खास तौर पर बेली फैट यानी की पेट की चर्बी को कम करने में इसे बेहद कारगर योगसनों में से एक माना जाता है।
धनुरासन योग
पेट की चर्बी को कम करने के साथ शरीर से अतिरिक्त फैट को हटाने में धनुरासन योग या बो-पोज का अभ्यास करना फायेदमंद माना जाता है। यह आसन आपके पेट को टोन करने का काम करता है। इसके साथ ही पीठ, जांघ, बाहों और छाती को भी स्ट्रेच करने के साथ शरीर के पोस्चर को बेहतर बनाने में भी इसे लाभदायक माना जाता है। धनुरासन योग का अभ्यास वजन को कम करने में आपके लिए मददगार हो सकता है।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।