सामान्यतौर पर सिर में होने वाले दर्द की समस्या को हम सभी कुछ दर्द निवारक दवाइयां खाकर ठीक कर लेते हैं, पर हमारे लिए यह जानना बहुत आवश्यक है कि सिर का दर्द किस प्रकार का है और इसे ठीक करने का सही तरीका क्या है? सिरदर्द कई प्रकार के हो सकते हैं और इसके अलग-अलग कारण भी हो सकते हैं, इस बारे में जान लेना बहुत आवश्यक होता है। माइग्रेन, सिरदर्द का एक ऐसा ही प्रकार है, इससे पीड़ित व्यक्ति के लिए यह किसी बुरे सपने से कम नहीं है। सिर के एक तरफ और आंखों में होने वाले इस दर्द के कारण बहुत अधिक असहजता की समस्या हो सकती है।
आज का योग: इन तीन योगासनों को माइग्रेन की समस्या में माना जाता है फायदेमंद, आपको भी रोजाना करना चाहिए अभ्यास
पद्मासन योग है लाभदायक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को अक्सर माइग्रेन की समस्या बनी रहती है, ऐसे लोगों के लिए रोजाना पद्मासन योग करना लाभदायक हो सकता है। मस्तिष्क को शांत बनाए रखने के साथ जागरूकता और ध्यान को बढ़ाने में पद्मासन योग का अभ्यास फायदेमंद माना जाता है। पद्मासन योग का अभ्यास मानसिक और शारीरिक, दोनों तरह के स्वास्थ्य लाभ के लिए किया जा सकता है।
चाइल्ड पोज का अभ्यास
माइग्रेन की समस्या को ठीक करने के लिए रोजाना चाइल्ड पोज के अभ्यास को भी फायदेमंद माना जाता है। गहरी सांस लेने के अभ्यास के साथ, चाइल्ड पोज या बालासन आपके मन को शांत करने, चिंता और थकान को कम करने में भी फायदेमंद माना जाता है। माइग्रेन को जड़ से ठीक करने में बालासन योग करना आपके लिए लाभदायक हो सकता है।
भुजंगासन योग का अभ्यास
कोबरा पोज या भुजंगासन के अभ्यास को आमतौर पर रीढ़ और पीठ की समस्याओं को ठीक करने के लिए किया जाता रहा है, हालांकि योग विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को माइग्रेन की समस्या रहती है, उनके लिए भी इस योग के अभ्यास को करना विशेष लाभदायक हो सकता है। तनाव और चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं को ठीक करने के साथ फेफड़े और हृदय के रोगों को ठीक करने में भी इस योग को लाभदायक माना जाता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।