शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत के लिए योगासनों के नियमित अभ्यास को विशेषज्ञ काफी कारगर मानते हैं। मानसिक स्वास्थ्य में लाभ दिलाने से लेकर शरीर की कई तरह की समस्याओं के जोखिम को कम करने तक के लिए नियमित योगासनों का अभ्यास फायदेमंद माना जाता है। योग, शरीर में रक्त के परिसंचरण को बढ़ावा देने के साथ मांसपेशियों और हड्डियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं। इतना ही नहीं नियमित रूप से योगासनों का अभ्यास करने वाले लोगों में कई प्रकार की बीमारियों के विकसित होने का खतरा भी कम पाया जाता है। यही कारण है कि विशेषज्ञ सभी आयु वाले लोगों को दिनचर्या में योगासनों को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं।
Yoga Tips: कमर, पीठ और घुटने के दर्द से मिलेगा आराम, जानिए इसके लिए कौन-कौन से योगासन हो सकते हैं फायदेमंद?
कमर दर्द के लिए सेतुबंधासन योग
बिगड़ती लाइफस्टाइल के साथ लोगों में कमर-पीठ के दर्द की समस्या काफी तेजी से बढ़ती हुई रिपोर्ट की जा रही है। इस स्थिति में लोगों के लिए जीवन के सामान्य कामकाज करना तक कठिन हो जाता है। हालांकि कुछ योगासनों का अभ्यास करके इससे लाभ प्राप्त किया जा सकता है। सेतुबंधासन योग का नियमित अभ्यास पैरों, पीठ और गर्दन-छाती को मजबूत करता है। पूरे शरीर को आराम देने के साथ, पाचन में सुधार करने और पीठ दर्द को ठीक करने में इस योग के लाभ देखे गए हैं।
घुटने के दर्द के लिए योग
घुटनों और जोड़ों में बढ़ते दर्द की समस्या आगे चलकर सेहत के लिए कई तरह की मुश्किलों का कारण बन सकती है। योग हल्के प्रभाव वाले व्यायाम हैं, जिसका अर्थ है कि यह जोड़ों पर तनाव को कम करते हुए हृदय गति को बढ़ाता है। घुटने के दर्द वाले लोगों के लिए योगासनों के अभ्यास की आदत को अच्छा माना जाता है क्योंकि यह गतिशीलता, शारीरिक फिटनेस और जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करते हुए क्रोनिक दर्द को कम करने में मददगार है। इसके लिए उत्तानासन और वीरभद्रासन जैसे अभ्यास किए जा सकते हैं।
कंधों में दर्द की समस्या
जिन लोगों के कंधे में दर्द की समस्या रहती है या फिर जिनके लिए कंधों को उठाना तक कठिन हो जाता है, उनको नियमित योगासनों से लाभ मिल सकता है। फ्रोजन शोल्डर की इस समस्या से राहत दिलाने के लिए मार्जरी आसन का अभ्यास किया जा सकता है। यह अभ्यास शरीर की मुद्रा और संतुलन में सुधार करने के साथ पीठ दर्द वाले लोगों को भी लाभ दिला सकती है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।