अगर आपको हर वक्त जुकाम रहता है तो यह इस गंभीर बीमारी का लक्षण हो सकता है। कभी-कभी मौसम में हो रहे बदलाव को हम जुकाम का कारण मानते हैं, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता।
जुकाम, नाक बंद होना, सिर में दर्द होना, नाक से पानी गिरना आम बात हैं। लेकिन यह आम बात किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती है। ये साइनोसाइटिस भी हो सकता है।
देहरादून के डॉक्टर चंद्रकला कुटियाल ने बताया कि आजकल प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि लगभग हर व्यक्ति को इस वजह से एलर्जी का शिकार होना पड़ रहा है। साइनस की झिल्ली में सूजन आने से साइनस के संक्रमण होता है। हवा की जगह में मवाद या बलगम भर जाता है, जिससे साइनस बंद हो जाते हैं। इस वजह से सिर में, गालों व ऊपर के जबड़े में दर्द होने लगता है।
साइनस खोपड़ी में भरी हुई कैविटी होती है। इसमें हवा के साथ आने वाली गंदगी यानी धूल और दूसरे प्रकार की गंदगियां रोक ली जाती हैं और बाहर फेंक दी जाती हैं। जब साइनस का रास्ता रुक जाता है तो यह गंदगी साइनोसाइटिस नाम की बीमारी का खतरा पैदा करती है। इस कारण आपकी ऊर्जा में कमी आती है, नींद पर बुरा असर पड़ता है। आपकी सूंघने और स्वाद की शक्ति कमजोर हो जाती है और सांस लेने में भी तकलीफ होती है।
आवाज में बदलाव, सिर में दर्द और भारीपन, नाक और गले में बलगम, हल्का बुखार, दांतों में दर्द, तनाव, चेहरे पर सूजन, नाक से पीले रंग का द्रव निकलता रहता है तो आपको यह बीमारी हो सकती है।