शरीर को पूरे दिन बेहतर ढंग से काम करते रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में ऊर्जा की आवश्यकता होती है। हालांकि ज्यादातर लोग ऐसे होते हैं जिन्हें अक्सर थकान और सुस्ती की समस्या बनी रहती है। ऑफिस में सुस्ती-थकान को दूर करने के लिए और ऊर्जा बढ़ाने के लिए कॉफी या चाय पीते रहते हैं, पर यह इसका विकल्प नहीं माना जा सकता है। अगर आपको भी दिनभर सुस्ती और थकान की दिक्कत बनी रहती है तो इसके वास्तविक कारणों के बारे में जानना आवश्यक है। आमतौर पर हमारी जीवनशैली की आदतों और आहार के कारण भी इस तरह की समस्या हो सकती है।
आज का योग: दिनभर रहती है सुस्ती और थकान तो इन आसनों के अभ्यास से मिलेगा
उष्ट्रासन (कैमल पोज)
उष्ट्रासन योग उन लाभकारी योगासनों में से एक है जो शरीर की मांसपेशियों को आराम देते हुए छाती को खोलने में मदद करता है। पीठ की स्ट्रेचिंग के लिए भी इस योग आसन को काफी फायदेमंद माना जाता है। इस आसन को करना सुस्ती से छुटकारा पाने और अपनी ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने का एक अच्छा तरीका है। रोजाना 10-15 मिनट तक उष्ट्रासन योग का अभ्यास करना आपकी सेहत को कई तरह के लाभ प्रदान कर सकता है।
भुजंगासन योग (कोबरा पोज)
शरीर के ऊपरी हिस्से की ताकत में सुधार करते हुए रीढ़, छाती, नितंबों और पैरों के लिए भुजंगासन योग को काफी फायदेमंद माना जाता है। आपके संतुलन और एकाग्रता के स्तर को बढ़ाने के लिए यह एक बेहतरीन योग मुद्रा है। भुजंगासन योग, शरीर में रक्त के संचार को बेहतर बनाने के साथ मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित लाभ के लिए भी जाना जाता है। नियमित रूप से इस योग का अभ्यास आपको पूरे दिन ऊर्जावान बनाए रखने में मदद कर सकता है।
शलभासन योग (लोटस पोज)
शलभासन योग का नियमित रूप से अभ्यास आपके शरीर में स्फूर्ति के संचार करने में काफी मददगार माना जाता है। पीठ, हैमस्ट्रिंग और ग्लूट्स को मजबूत करने में भी इस योग के अभ्यास को काफी फायदेमंद माना जाता है। शलभासन योग पाचन संबंधी समस्याओं में सुधार करने में भी आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। रोजाना इस योग का अभ्यास सुनिश्चित करें। अधिकतम लाभ के लिए सही ढंग से आसनों का अभ्यास करें।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।