World Health Day 2023 Theme: पिछले एक महीने में कोरोना के संक्रमण में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी-फरवरी में कोविड के केस काबू में थे, लेकिन मार्च में कोरोना ने काफी तेज रफ्तार पकड़ी। आंकड़े बताते हैं कि मार्च के महीने में देश में संक्रमण के कारण मृत्यु के आंकड़ों में 114 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कोविड के कई वेरिएंट अब तक गंभीर समस्या बन चुके हैं। इस बार ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट XBB.1.16 को कारण माना जा रहा है। इस वैरिएंट में म्यूटेशन अन्य ओमिक्रॉन वैरिएंट्स से अधिक संक्रामक हैं।
World Health Day 2023: विश्व स्वास्थ्य दिवस आज, जानें कब और क्यों हुई इस दिन को मनाने की शुरुआत
विश्व स्वास्थ्य दिवस कब मनाते हैं?
प्रतिवर्ष दुनियाभर में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने की शुरुआत 1950 में हुई थी। इस दिन को वैश्विक स्तर पर मनाने का फैसला विश्व स्वास्थ्य संगठन ने किया था।
7 अप्रैल को ही क्यों मनाते हैं विश्व स्वास्थ्य दिवस?
दरअसल, 1948 में विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना की गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन को डब्ल्यूएचओ के नाम से जाना जाता है जो कि संयुक्त राष्ट्र का हिस्सा है। इस संगठन का प्रमुख कार्य दुनियाभर में स्वास्थ्य समस्याओं पर नजर रखना और इसके निवारण में मदद करना है। 1950 में विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्थापना दिवस की वर्षगांठ पर 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का उद्देश्य
जब डब्ल्यूएचओ ने स्वास्थ्य दिवस के लिए एक दिन निर्धारित करने का फैसला लिया तो इसका उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य और उससे जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श करना था। इस दिन को मनाने की वजह दुनियाभर में समान स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं के बारे में लोगों को जागरूक करना और स्वास्थ्य संबंधी अफवाहों और मिथकों को दूर करना है। स्वास्थ्य संगठन विभिन्न देशों की सरकारों को स्वास्थ्य नीतियां बनाने और उसके क्रियान्वयन के लिए प्रेरित भी करता है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस 2023 की थीम
प्रतिवर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की एक खास थीम तय की जाती है। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस 2023 की थीम 'हेल्थ फॉर ऑल' है। इस विषय का अर्थ, किसी भी परिस्थिति में वित्तीय या अन्य मदद के जरिए हर व्यक्ति के स्वास्थ्य को सुधारने और सभी में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता लाना है।