मशहूर जगहों के बारे में तो सब जानते हैं और कभी ना कभी घूम ही आते हैं। लेकिन देश में इतनी ऑफबीट जगह हैं जहां आपको एक बार जरूर जाना चाहिए। असली घुमक्कड़ हमेशा जगह एक्स्प्लोर करते हैं और छानबीन करके भीड़ से दूर, खूबसूरत और शांत जगह खोजकर घूमने निकलते हैं। अगर आप भी उन्ही में से एक हैं तो इस बार हम आपको एक ऑफबीट जगह के बारे में बताने जा रहे हैं, जो राजसी ठाठ-बाट से भरपूर है। इतना ही नहीं इसका इतिहास 500 साल पुराना है।
खिमसर का किला जोधपुर और बीकानेर के बीच खिमसर नाम के एक गांव में स्थित है। इस किले का निर्माण राव करम जी ने 16 वीं शताब्दी में आज से करीब 500 साल पहले कराया था। फिर कई बार इस किले का विस्तार हुआ, जिसके अलग-अलग राजकीय कारण रहे हैं। खिमसर किला पर्यटकों को अपनी खूबसूरती से बेहद आकर्षित करता है और अद्भुत वास्तुकला और भव्यता की वजह से यह राजस्थान के सबसे सुंदर किलों में से एक है। आज इस किले में हेरिटेज होटल चल रहा है। जबकि एक हिस्से में आज भी राजसी परिवार का निवास है। यह होटल भी राजसी परिवार द्वारा ही संचालित किया जा रहा है। खिमसर किले की यात्रा करने का आदर्श समय सर्दियों के मौसम में यानि अक्टूबर से मार्च के बीच होता है।
किले की खासियत
- यह किला अपनी वास्तुकला के लिए बहुत अधिक प्रसिद्ध है। इसकी भव्यता को देखकर उस जमाने के ठाठ-बाट को आज भी महसूस किया जा सकता है।
- इस किले में एंट्री करते समय आपको हरे-भरे बगीचे के बीच कई तरह के जीव-जन्तु देखने को मिलेंगे।
- किले के अंदर जानेवाले रास्ते में कई स्तंभ, खंबे, नक्काशीदार मूर्तियां आपको देखने को मिलेंगी। इस किले का रखरखाव बहुत अच्छा और शानदार है।
- इस किले के पास ही अन्य कई मशहूर और सुंदर किले मौजूद हैं। इनमें मेहरानगढ़ का किला, उम्मेद भवन पैलेस भी जाया जा सकता है।
- अगर आप भी खिमसर का किला घूमने जाना चाहते हैं तो अक्टूबर से लेकर मार्च तक का समय अच्छा होता है।