हरियाणा को आप किस रूप में जानते हैं? खेल को लेकर, खड़ी बोली को लेकर या फिर देसी अक्खड़पन को लेकर? लेकिन क्या आप टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर हरियाणा का रुख करते हैं? जी हां, हरियाणा में पर्यटन स्थलों की भी कमी नहीं है। यहां हम आपको हरियाणा के बेहद खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन के बारे में बता रहे हैं।
हरियाणा के बारे में कहा जाता है कि यह वह जगह हैं जहां महर्षि वेदव्यास ने महाभारत की रचना की थी। धार्मिक और ऐतिहासिक दोनों ही दृष्टियों से हरियाणा का बेहद महत्व है। यहीं वो जगह है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का ज्ञान दिया था और कर्म की महत्ता पर प्रकाश डाला था।
हरियाणा में आप कुरुक्षेत्र घूम सकते हैं। यहां महाभारत का युद्ध हुआ था। यही वो जगह है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। कुरुक्षेत्र ऐतिहासिक और धार्मिक दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बड़ी तादाद में पर्यटक कुरुक्षेत्र देखने आते हैं। कुरुक्षेत्र में घूमने की बहुत सी जगहें हैं। यहां आप बिरला मंदिर, श्रीकृष्ण म्यूजियम और धरोहर हरियाणा म्यूजियम देख सकते हैं।
आप हरियाणा में अंबाला की सैर कर सकते हैं। अंबाला हरियाणा का सबसे पुराना शहर है। अंबाला में आप शीशगंज गुरुद्वारा, गुरुद्वारा मंजी साहब और दूसरे पर्यटन स्थल घूम सकते हैं। शॉपिंग के लिए भी यह मुफीद शहर है।
आपके लिए चंडीगढ़ की सैर करना भी शानदार अनुभव होगा। चंडीगढ़ बहुत ही खूबसूरत शहर है, जहां आपको हर लेटेस्ट फैशन से लेकर लजीज खाना हर कुछ मिलेगा। आप अपनी शॉर्ट ट्रिप में चंडीगढ़ में रोज गार्डन, सुखना झील, रॉक गार्डन और पिंजौर गार्डन घूम सकते हैं।