Most Popular And Beautiful Mosques In India: रमजान का पाक महीना है। यह महीना खुदा की इबादत का समय है। इन दिनों में मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं, वहीं पांच वक्त की नमाज अदा कर अल्लाह की इबादत करते हैं। रमजान के महीने के अंत में ईद का त्योहार मनाते हैं। इस्लाम में ईद का पर्व सबसे बड़ा और खास त्योहार होता है। ऐसे में लोग रमजान और ईद के लिए काफी उत्साहित रहते हैं। इस त्योहार को धूमधाम से मनाते हैं। रमजान के महीने में अगर कहीं घूमने जाना चाहते हैं या ईद की नमाज के लिए मस्जिद जा रहे हैं तो देश की सबसे प्रसिद्ध मस्जिदों की ओर रुख कर सकते हैं। देश में कई मस्जिदें हैं, जिनकी खूबसूरती की चर्चा विश्व भर में होती है। इन मस्जिदों को देख आप दुबई या संयुक्त अरब अमीरात की मस्जिदों की नक्काशी व खूबसूरती भूल जाएंगे। आइए जानते हैं देश की सबसे खूबसूरत मस्जिदों के बारे में।
Ramadan 2023: ये हैं भारत की सबसे खूबसूरत मस्जिद, पूरी दुनिया में होती है चर्चा
भोपाल की ताज-उल-मस्जिद
देश की सबसे बड़ी मस्जिद मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित है। इसे एशिया की सबसे बड़ी मस्जिदों में गिना जाता है। भोपाल की ताज उल मस्जिद के निर्माण की शुरुआत मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर के दौर में नवाब सैयद सिद्दीक हसन खान की पत्नी शाह जहां बेगम ने बनवाई थी। बाद में मस्जिद को पूरा उनकी बेटी सुल्तान जहान बेगम ने कराया। इस मस्जिद के निर्माण में करीब 141 वर्ष का समय लगा।
दिल्ली का जामा मस्जिद
दिल्ली का जामा मस्जिद पूरी दुनिया में मशहूर है। इस मस्जिद का असल नाम मस्जिद ए जहान नुमा है। इसका निर्माण मुगल बादशाह शाहजहां ने 1650-56 के बीच कराया था। उस वक्त मस्जिद के निर्माण में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। लाल पत्थरों और सफेद मार्बल से मस्जिद तैयार कराई गई थी।
हैदराबाद का मक्का मस्जिद
देश की सबसे बड़ी मस्जिदों में हैदराबाद की मक्का मस्जिद शामिल है। इसका निर्माण सुल्तान मुहम्मद कुली कुतुब शाह ने कराया था। इस मंदिर में एक वक्त में बीस हजार लोग नमाज अदा कर सकते हैं। इस मस्जिद का मुख्य हाॅल 75 फीट ऊंचा है।
आगरा का जामा मस्जिद
मुगल बादशाह शाहजहां ने कई अद्भुत निर्माण कराए। इन्हीं इमारतों में से एक आगरा का जामा मस्जिद है। इस मस्जिद को शाहजहां ने अपनी बेटी जहांआरा की याद में बनवाया था। इस मस्जिद की पश्चिमी दीवार की मेहराबें बहुत खूबसूरत हैं।