Holi 2024 in Mathura: इस वर्ष होली का त्योहार 25 मार्च 2024 को मनाया जा रहा है। होली के मौके पर लोग अपने आस-पड़ोस के लोगों के साथ रंग खेलते हैं और पर्व को उत्साह से मनाते हैं। होली के दिन बैंक बंद रहते हैं और अधिकतर दफ्तरों में छुट्टी होती है। इस बार होली से पहले वीकेंड है यानी अगर आपके दफ्तर में शनिवार और रविवार की छुट्टी मिलती है और सोमवार को होली की छुट्टी भी मिल रही है तो तीन दिन परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए मिल रहा है।
Holi 2024: मथुरा बरसाना की होली में होना है शामिल? जाने कहां ठहरें और कितना है खर्च
मथुरा वृंदावन घूमने के लिए दिन
आप दो से तीन दिन में मथुरा बरसाना के मंदिरों और पर्यटन स्थलों की सैर आसानी से कर सकते हैं और इसमें खर्च भी बहुत अधिक नहीं आएगा। दिल्ली से मथुरा का सफर यमुना एक्सप्रेस वे से महज ढाई घंटे का है। दिल्ली से आप खुद की गाड़ी या बस से मथुरा जा सकते हैं। यहां घूमने के लिए कई सारे मंदिर हैं। लेकिन दो दिनों की छुट्टी में मथुरा जा रहें हैं तो कुछ प्रसिद्ध और चुनिंदा जगहों को ही घूमने जाएं।
मथुरा-वृंदावन घूमने का खर्च
मथुरा-वृंदावन जाने का किराया अधिक नहीं है। आप दिल्ली से बस के जरिए मथुरा जा सकते हैं। सबसे सस्ता टिकट आपको 200 रुपये का मिल जाएगा। ट्रेन से भी मथुरा जाया जा सकता है, जिसमें 2000 रुपये तक व्यय करना पड़ेगा। मथुरा में ठहरने और खाने का खर्च भी अधिक नहीं है। 500 से लेकर 3000 रुपये तक आपके अच्छे होटल में कमरा मिल सकता है। वहीं खाने में लगभग 500 से 1000 रुपये तक व्यय करना पड़ेगा।
कैसे घूमें मथुरा वृंदावन के मंदिर
मथुरा वृंदावन और गोकुल की गलियां सकरी हैं। यहां के मंदिर भी गलियों में हैं। ऐसे में अगर आप खुद की गाड़ी से घूमने गए हैं तो होटल में गाड़ी छोड़कर मथुरा वृंदावन में घूमने के लिए स्थानीय टैक्सी या ई रिक्शा बुक कर सकते हैं। महज 300 से 500 रुपये में ई रिक्शा चालक आपको यहां के 5 से 6 प्रसिद्ध और महत्वपूर्ण मंदिरों के दर्शन कराते हैं। एक दिन में वह सभी दार्शनिक स्थल आराम से घुमा देंगे। वहीं सुबह यमुना घाट पर स्नान के लिए भी ले जा सकते हैं। यहां आप नाव वाले को प्रति व्यक्ति 20 से 30 रुपये देकर घाट के उस पार यमुना में डुबकी लगाने के लिए जा सकते हैं।
मथुरा वृंदावन के महत्वपूर्ण मंदिर
वैसे तो स्थानीय टैक्सी या ई रिक्शा चालक आपको खुद की यहां के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कराएंगे। लेकिन अगर आपको पहले से ही मथुरा वृंदावन के बारे में अधिक जानकारी होगी तो कुछ भी आपसे छूटेगा नहीं।
कृष्णजन्म भूमि
पहले दिन आप मथुरा की जेल जहां श्री कृष्ण का जन्म हुआ था, वहां घूम सकते हैं। इसे कृष्ण जन्मभूमि कहा जाता है। यहां आपको मंदिर में दर्शन के साथ ही आकर्षक गुफा में घूमने को मिलेगा, जिसके लिए अलग से टिकट लेना पड़ता है। 10 रुपये का टिकट लेकर आप गुफा के अंदर जा सकते हैं, जिसमें श्री कृष्ण की झांकियां साउंड इफेक्ट के साथ दिखाई जाती हैं।