Dev Diwali 2026 in Varanasi: देव दीपावली का त्योहार आते ही उत्तर प्रदेश के वाराणसी यानी काशी की रौनक देखते ही बनती है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाने वाला यह पर्व देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र रहता है।
इस दिन मां गंगा के घाटों को लाखों मिट्टी के दीयों से सजाया जाता है। शाम होते ही गंगा किनारे जलते दीपों की रोशनी, मंदिरों की घंटियां, भजन और भव्य गंगा आरती का नजारा हर किसी का मन मोह लेता है।
साल 2026 में देव दीपावली का पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस बार वाराणसी में 11 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो तथा अस्सी और दशाश्वमेध घाट के सामने ड्रोन शो आयोजित करने की योजना है।
ऐसे में अगर आप भी इस बार देव दीपावली पर काशी जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले ही प्रमुख घाटों की जानकारी हासिल कर लें। इससे आप भीड़ के बीच अपनी पसंद की जगह चुनकर इस अद्भुत दीपोत्सव का आनंद उठा सकेंगे। आइए जानते हैं वाराणसी के उन प्रमुख घाटों के बारे में, जहां देव दीपावली का नजारा बेहद खास होता है।
देव दीपावली 2026: कहां देखें सबसे भव्य गंगा आरती? जानें वाराणसी के प्रसिद्ध घाटों की पूरी लिस्ट
Varanasi Dev Deepawali 2026: देव दीपावली काशी की आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम है। लाखों दीयों से जगमगाते घाट, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस पर्व को यादगार बना देते हैं। अगर आप 24 नवंबर को वाराणसी जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो समय से पहुंचें और भीड़ को देखते हुए अपनी जगह पहले ही तय कर लें। नाव से दीपोत्सव देखने का प्लान हो तो केवल अधिकृत नाविकों की सेवा लें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
दशाश्वमेध घाट
देव दीपावली के दौरान दशाश्वमेध घाट सबसे प्रमुख आकर्षणों में से एक रहता है। यहां होने वाली भव्य गंगा महाआरती देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। पुजारियों द्वारा बड़े दीपों के साथ की जाने वाली आरती और मंत्रोच्चार का दृश्य बेहद मनमोहक होता है। अगर आप पहली बार देव दीपावली देखने जा रहे हैं, तो इस घाट को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें।
चेत सिंह घाट
अगर आप देव दीपावली पर कुछ अलग देखना चाहते हैं, तो चेत सिंह घाट जरूर पहुंचें। साल 2026 के आयोजन में यहां भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो की योजना बनाई गई है। ऐतिहासिक इमारत पर रोशनी और आधुनिक तकनीक के जरिए दिखाई जाने वाली प्रस्तुतियां इस उत्सव को और खास बना सकती हैं। फोटोग्राफी पसंद करने वाले लोगों के लिए भी यह जगह आकर्षक रहेगी।
अस्सी घाट
अस्सी घाट वाराणसी के प्रसिद्ध घाटों में शामिल है। देव दीपावली पर यहां भी बड़ी संख्या में दीप जलाए जाते हैं। 2026 के आयोजन में अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो की भी योजना है। यहां गंगा आरती और रोशनी से सजे घाटों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए यह अच्छा स्थान है।
राजेंद्र प्रसाद घाट
दशाश्वमेध घाट के पास स्थित राजेंद्र प्रसाद घाट भी देव दीपावली के दौरान घूमने के लिए अच्छा विकल्प है। यहां से गंगा नदी और आसपास के रोशनी से सजे घाटों का खूबसूरत दृश्य दिखाई देता है। मुख्य आरती स्थल के नजदीक होने के कारण यहां से उत्सव का माहौल महसूस किया जा सकता है।
पंचगंगा घाट
पंचगंगा घाट वाराणसी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले घाटों में शामिल है। मान्यता है कि यहां पांच पवित्र नदियों का संगम होता है। देव दीपावली के अवसर पर यहां दीपदान और पूजा-पाठ का विशेष माहौल देखने को मिलता है। जो लोग काशी की धार्मिक परंपराओं को करीब से महसूस करना चाहते हैं, उनके लिए यह घाट खास हो सकता है।
नमो घाट
नमो घाट आधुनिक सुविधाओं और खूबसूरत गंगा किनारे के लिए जाना जाता है। देव दीपावली से पहले यहां 20 से 23 नवंबर 2026 तक गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।
