Christmas 2024: साल का सबसे बड़ा और प्रमुख पर्व क्रिसमस आने वाला है। साल के आखिरी महीने में क्रिसमस मनाया जाता है। ये पर्व ईसाई धर्म से संबंधित है लेकिन इसे भारत समेत लगभग पूरी दुनिया के लोग हर्षोल्लास से मनाते हैं। 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाया जाता है। इस पर्व को मनाने के लिए लोग घर पर क्रिसमस ट्री सजाते हैं। केक काटते हैं और पार्टी करते हैं। भारत में क्रिसमस के मौके पर छुट्टी होती है। क्रिसमस की छुट्टी होने पर लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ घूमने भी जा सकते हैं। इस बार क्रिसमस बुधवार को है। अगर आप दफ्तर या कॉलेज से छुट्टी मिल रही है तो आप क्रिसमस से न्यू ईयर तक लंबी ट्रिप प्लान कर सकते हैं। हालांकि अगर एक दिन की छुट्टी है तो आप क्रिसमस पर छोटी और करीब वाली जगहों पर सफर की योजना बनाएं। यहां आपको क्रिसमस के मौके पर एक या दो दिन की छुट्टी मनाने के लिए जगह बताई जा रही हैं।
Christmas 2024: क्रिसमस ट्रिप के लिए अभी से बना ले योजना, जानिए कहां घूमने जा सकते हैं आप
माउंट आबू
अगर आप दिल्ली या राजस्थान के आसपास रहते हैं तो क्रिसमस की छुट्टी में माउंट आबू घूमने जा सकते हैं। यह राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है, जहां देश विदेश से सैलानी बड़ी संख्या में सर्दियों के मौसम में आते हैं। ये रेगिस्तान का अकेला हिल स्टेशन है। यहां आप वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी कर सकेत हैं और हिंदू देवी देवताओं के मशहूर मंदिरों के दर्शन के लिए जा सकते हैं।
नैनीताल
दिल्ली से नैनीताल की दूरी लगभग 291 किमी है। करीब 6 घंटे का सफर तय करके आप नैनीताल पहुंच सकते हैं। यहां नैनी झील में बोटिंग का लुत्फ उठा सकते हैं। माल रोड घूमने जा सकते हैं। चर्च और अन्य प्राकृतिक नजारों वाले स्थानों की सैर कर सकते हैं। एक दिन में इन सभी को घूम कर रात में वापसी कर सकते हैं।
नीमराना फोर्ट
क्रिसमस पर मिल रही एक दिन की छुट्टी पर आप नीमराना फोर्ट की यात्रा की योजना बनाएं। जयपुर का ये हेरिटेज रिसोर्ट पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां आप खूबसूरत वास्तुकला देख सकते हैं और आयुर्वेदिक स्पा का भी मजा ले सकते हैं। ऊंट की सवारी, विंटेज कार राइड और जिप लाइनिंग का आनंद उठा सकते हैं।