World Kindness Day 2022: किसी जानवर के प्रति लगाव, किसी असहाय या गरीब के लिए सहानुभूति और मदद की भावना होना एक अच्छे इंसान की पहचान है। एक अच्छा इंसान बनने के लिए व्यक्ति में दयालुता का भाव होना जरूरी होता है, जो उसे दूसरों से खास बनाता है। हर व्यक्ति में दयालुता का भाव होना खास बात होती है। इंसान का यह गुण उसे एक अच्छी और आकर्षक शख्सियत बनाता है। ऐसे में दयालुता का गुण बचपन से ही बच्चों को सिखाना चाहिए। छोटी उम्र में ही बच्चे को इस भाव से परिचित कराएं, ताकि भविष्य में बच्चा एक अच्छा इंसान बन सके। दयालुता के महत्व को समझाने और समाज को रहने योग्य बनाने के लिए लिए प्रति वर्ष 13 नवंबर को विश्व दयालुता दिवस मनाया जाता है। अगर आप भी अपने बच्चे को बेहतर इंसान बनाना चाहते हैं तो उसे दयालु बनाएं। बच्चे को दयालुता का पाठ पढ़ाने के लिए कुछ तरीके बताए जा रहे हैं।
World Kindness Day: बच्चे को बनाना है दयालु और नेकदिल तो अभिभावक दें इस तरह की सीख
बच्चे को दयालु बनाने का तरीका
सोच कर बोलें
बच्चे को दयालु बनाने के लिए सबसे पहले उसे सोचकर बोलना सिखाएं। उन्हें समझाएं कि बिना सोचे समझे ऐसा न बोलें कि दूसरे व्यक्ति को उनकी बातों से ठेस पहुंचे। दूसरों का मजाक न उड़ाए और मन में जो विचार हैं, उनका अवलोकन करके ही बोलें।
सकारात्मक बातें करें
दयालुता का भाव लाने के लिए बच्चे में सकारात्मकता का होना जरूरी है। बच्चे को सिखाएं कि किसी को दुखी करने के बजाए अच्छा महसूस कराने का प्रयास करना चाहिए। किसी बात पर नकारात्मक राय न रखें। अगर कोई दोस्त खेल या पढ़ाई में अच्छा नहीं है तो उसे प्रोत्साहित करें, न कि अपनी बातों से उसका मनोबल कम करें।
शिष्टाचार सिखाएं
बच्चे को दयालु बनाने के लिए उन्हें शिष्टाचार सिखाएं। दूसरों का सम्मान करना, छोटे और बड़ों का सही से अभिवादन करना, सभी से विनम्रता से बात करना सिखाएं।
अच्छे काम पर तारीफ करें
हर इंसान को उनकी तारीफ पसंद होती है। बच्चे जब अपनी तारीफ सुनते हैं तो वैसे ही कार्य और अधिक करते हैं ताकि अभिभावक से फिर तारीफ सुन सकें। ऐसे में बच्चे जब नेक और अच्छे काम करें, तो उनकी तारीफ करें। तारीफ मिलने पर बच्चे अधिक अच्छे कामों में सक्रिय होते हैं।