मुकेश अंबानी को खाने में पसंद हैं ये 5 चीजें, इस मीठी चीज को तो खाने से बिल्कुल नहीं चूकते
देश के सबसे अमीर आदमी मुकेश अंबानी की इकलौती बेटी ईशा अंबानी का प्री वेडिंग सेलिब्रेशन हर आम और खास के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में इस शादी में सजावट से लेकर खाने तक की हर चीज पर खास ध्यान दिया गया है। शनिवार को हुई ईशा की संगीत सेरेमनी को शाहरुख खान के साथ करण जौहर ने होस्ट किया। इस दौरान करण जौहर ने मुकेश अंबानी के साथ रैपिड फायर राउंड भी खेला। इस रैपिड फायर के दौरान मुकेश ने खाने की अपनी पसंद-नापसंद को लेकर अपने दिल के कई राज खोल दिए।
रैपिड फायर राउंड के दौरान करण जौहर ने मुकेश अंबानी से पूछा- यदि वे एक दिन नीता अंबानी के रूप में सुबह जागें तो कौन सा काम करेंगे?मुकेश अंबानी ने जवाब में कहा- वे उन सब खाने में से बैन हटा देंगे, जो नीता अंबानी ने उन पर लगा रखे हैं। बहरहाल, चलिए आपको बताते हैं ऐसी कौन सी चीजें हैं जो खाने में मुकेश अंबानी को बेहद पसंद हैं और किन चीजों को सड़क किनारे देखते ही वो उसे खाने से नहीं चूकते।
मुकेश अंबानी सुबह जल्दी उठकर सबसे पहले थोड़ी देर योगा करते हैं। ये बात तो हर कोई जानता है कि मुकेश अंबानी पूरी तरह से वेजिटेरियन हैं। मुकेश बहुत सादा और हल्का खाना खाना पसंद करते हैं। ब्रेकफास्ट में वो पपीते का जूस और नट्स का सेवन करते हैं। रविवार के दिन ब्रेकफास्ट में साउथ इंडियन खाना खाते हैं।
मुकेश अंबानी अपने खाने में दाल, चावल, सब्जी और रोटी खाते हैं। मुकेश को अक्सर बाजरे से बनी रोटी खाना पसंद है जबकि उनकी फेवरेट डिश इडली और सांभर है। बता दें, हवाई यात्रा करते समय वो अक्सर एयरपोर्ट की कैंटीन में इडली और सांभर ही खाते हैं। मुकेश अंबानी मुंबई स्थित स्वाति रेस्टोरेंट का खाना बेहद पसंद करते हैं जबकि अपने घर से दूर होते ही वे गुजराती खाना खाना पसंद करते हैं।
अंबानी फूड लवर हैं। ये बात तो उन्हें जानने वाला हर व्यक्ति जानता है। मुकेश अंबानी को जब फास्ट फूड खाने का मन होता है, तो वे मुंबई में कोलाबा के एक रेस्तरा में बना चाट खाते हैं। मुकेश अंबानी के बारे में यह बात शायद ही लोगों को पता हो कि वो जलेबी खाने के इतने बड़े शौकीन हैं कि उन्हें कभी सड़क किनारे कोई जलेबी की दुकान दिख जाए तो वह उसे खाने से परहेज नहीं करते हैं।