गणेश चतुर्थी नजदीक है। गणपति जी को घर लाने की तैयारी भी जारी है। घर की सफाई से लेकर पूजा-घर की साज-सज्जा में लोग लगे हुए हैं। बप्पा का आसन, वस्त्र, पूजा के सामान की खरीदारी भी शुरू हो गयी है। आप गणपति की मूर्ति तो घर ले आएंगे लेकिन अगर आप चाहते हैं कि बप्पा खुशी खुशी आपके घर के मंदिर में आकर विराजें और उनका आशीर्वाद आप पर बरसे तो श्री गणेश को प्रसन्न करने के लिए आपको भी कुछ खास करना पड़ेगा। बप्पा को प्रसन्न करना मुश्किल काम नहीं, वो तो आपके हाथों के बने स्वादिष्ट मोदक से ही प्रसन्न हो जाएंगे। गणपति उत्सव में जितने दिन बप्पा घर में विराजमान रहें, आपके किचन से स्वादिष्ट व्यंजन की महक आनी चाहिए। महक इतनी मोहक हो कि बप्पा को भी भूख लग जाए। इसलिए इस बार गणेश चतुर्थी पर बप्पा के लिए उनके पसंदीदा मोदक घर पर ही बनाएं। चलिए जानते हैं बप्पा के भोग के लिए स्वादिष्ट मोदक बनाने की विधि।
Ganesh Chaturthi 2021: बप्पा को बेहद प्रिय है मोदक, इस बार इस आसान रेसिपी से घर पर ही मिनटों में बनाएं
चावल के आटे और मावा के मोदक की सामग्री
2 कप चावल का आटा
1 चम्मच घी
1 कप कच्चा कसा हुआ नारियल
2 चम्मच गुड़
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा काजू- बादाम
5 हरी इलायची पिसी हुई
चावल के आटे और मावा के मोदक बनाने की रेसिपी
एक पैन को गर्म करके उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और गुड़ डाल दें। लगभग 10 मिनट तक इस मिक्सचर को चलाते रहे। काजू, बादाम और पिसी इलायची डालकर अच्छे से आंच पर पकने दें। जब गुड़ पिघलकर अच्छे से नारियल से लिपट जाए और मिक्सचर गाढ़ा हो जाये तो पैन को गैस से उतार कर ठंडा कर लीजिये। ये मोदक की भरावन तैयार हो गयी।
मोदक बनाने के लिए एक पैन में पानी और घी डालकर उबाल लीजिये। उसमें हल्का नमक और चावल का आता डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अब पैन को किसी बर्तन से ढककर पकने के लिए छोड़ दीजिये। जब चावल वाला मिक्सचर पककर आधा हो जाए तो एक स्टील के कटोरे में थोड़ा सा घी लगाकर मिक्सचर को उसमें गूंथ लीजिये।
अब इस आटे की छोटी छोटी लोई बनाकर हल्के हाथों से दबाएं। लोई को फैला कर फूल के आकार में कर लीजिये। नारियल वाला तैयार भरावन का मिश्रण भरकर लोई को चारों तरफ से अच्छे से बंद कर दें। सभी मोदक किसी मलमल के कपड़े पर रखें और करीब 10 से 15 मिनट के लिए भाप में पकाने के बाद निकाल लें। स्वादिष्ट मोदक तैयार हैँ।