जन्मदिन, शादी, शगुन, वर्षगांठ, गृहप्रवेश या अन्य पारिवारिक आयोजन। हर मौके को खास बनाता है उपहार। और उपहार को खूबसूरत बनाता है उसकी पैकेजिंग। सामान छोटा हो या बड़ा। कीमती हो या साधारण, मगर उसकी पैकेजिंग आकर्षक होनी चाहिए। मामला यहां दिखने-दिखाने का है। अगर गिफ्ट की पैकेजिंग अच्छी है, तो उसकी तरफ ध्यान हर किसी का जाता है। पहले लोग पैकेजिंग पर ज्यादा जोर नहीं देते थे, मगर अब लोगों की सोच बदल चुकी है। कुछ लोग तो कस्टमाइज पैकेजिंग भी करवाने लगे हैं। छोटे शहरों में भी लोग शादियों या अन्य छोटे-छोटे आयोजनों के लिए सामान की पैकेजिंग करवाने लगे हैं।
जानें घर बैठे पैसे कमाने का मजेदार तरीका, घरेलू महिलाओं में बढ़ रहा क्रेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बढ़ रहा है गिफ्ट पैकिंग का चलन
भले ही आज की जीवनशैली अधिक व्यस्त हो गई हो। लोग एक-दूसरे को समय नहीं दे पा रहे हों, लेकिन उनके बीच शिष्टाचार की कमी नहीं आई है। कम-से-कम इस संदर्भ में कि वे अलग-अलग मौकों पर एक-दूसरे को ‘विश’ करना नहीं भूलते, साथ ही अपने दोस्त या रिश्तेदारों को कोई उपहार देना नहीं भूलते। तोहफों की पैकिंग के लिए बदली लोगों की सोच ने बाजार में गिफ्ट पैकिंग का एक नया कॉन्सेप्ट शुरू कर दिया है। इसी सोच के साथ उन महिलाओं के लिए भी एक नया रास्ता खुला है, जो घर बैठे अपनी रचनात्मकता से कुछ कमाना चाहती हैं। शौक ही नहीं, अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए गिफ्ट पैकिंग का काम अब उनके लिए आय का साधन भी बन गया है।
बदल रहा है चीजों को पेश करने का तरीका
मुंबई की नेहा जैन कहती हैं, "सामान जैसा भी हो, पैकेजिंग से उसकी खूबसूरती तो बढ़ ही जाती है। जिस तरह से एक अच्छी सजावट खाने को और भी अधिक लाजवाब बना देती है, ठीक वैसे ही किसी भी उपहार को उसकी पैकेजिंग खास बना देती है। आज लोग इस बात को समझने लगे हैं। किसी भी चीज को पेश करने का तरीका अब बदल रहा है। पहले की तुलना में जहां सिर्फ चमकीले कागजों से गिफ्ट पैकिंग हो जाती थी, वहीं आज लेस, फूल, टोकरियों, रंग-बिरंगे रिबन, चटख रंग के कपड़ों के अलावा क्रिस्टल और फूल पत्तियों की मदद से उपहार को खूबसूरत अंदाज दिया जा रहा है।
नेहा ने कहा, 'जब मैंने इस काम को शुरू किया था, तब मुझे ज्यादा लाभ नहीं मिल रहता था, लेकिन जैसे-जैसे लोगों को मेरी रचनात्मकता के बारे में पता चलता गया, तो मेरी गिफ्ट पैकिंग भी फेमस हो गई। आज मैं शादियों, अलग-अलग इवेंट्स और बच्चों के जन्मदिन के लिए रिटर्न गिफ्ट्स भी पैक करती हूं। मुझे इस काम में मजा भी आने लगा है। हमेशा मैं इंटरनेट या यूट्यूब से पैकेजिंग से संबंधित नई-नई जानकारियां लेती रहती हूं। इससे बदलते ट्रेंड की जानकारी मिलती रहती है।'
क्रिएटिविटी से ऐसे करें कमाई
नई दिल्ली शाहदरा की काजल पढ़ाई के साथ-साथ गिफ्ट पैकिंग का भी काम कर रही हैं। वह कहती हैं, "सगाई हो या शादी। वर और वधु, दोनों पक्ष एक-दूसरे को कुछ-न-कुछ देते हैं। ऐसे में हर कोई चाहता है कि उनका गिफ्ट आकर्षक दिखे। यही कारण है कि आज यह काम एक प्रोफेशन बनता जा रहा है। मार्केट में गिफ्ट पैकिंग करने वालों की मांग बढ़ती जा रही है। मैं इस काम से कुछ महीने पहले ही जुड़ी हूं। ड्राई फ्रूट्स के डिब्बे की पैकिंग, टोकरियों की पैकिंग, साथ ही त्योहार, जन्मदिन पर दिए जाने वाले कार्ड भी बनाती हूं। इससे मैं अपनी रचनात्मकता को लोगों के सामने तो रखती ही हूं, साथ ही अपने लिए कुछ कमाई भी कर लेती हूं।"
ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग करने वाली शिल्पा गोयल कहती हैं, "सबसे पहले मैंने अपनी एक दोस्त के यहां दिवाली गिफ्ट्स की पैकिंग का कार्य किया था, जिसे दोस्तों ने खूब सराहा और वही मेरी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। वहीं से आइडिया मिला और मैं पैकेजिंग के काम से जुड़ गई। मैंने ऑर्गेनिक सोप्स और उनकी पैकेजिंग का कार्य शुरू किया। मुझे यह काम करते हुए लगभग दो साल हो गए हैं। दिवाली, होली या अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए मैं अलग-अलग पैकिंग तैयार करती हूं। इसमें ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स को आकर्षक तरीके से सजाती हूं ताकि गिफ्ट भेजने वाले और इसे पाने वाले दोनों को ही संतुष्टि मिले। अच्छा लगता है, जब लोग मेरे काम की सराहना करते हैं। "