डायबिटीज अब लगभग हर घर की समस्या बन गई है। आंकड़ों से पता चलता है कि दुनिया में डायबिटीज से पीड़ित वयस्कों की संख्या के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के अनुमानों के अनुसार, देश में डायबिटीज से पीड़ित वयस्कों की कुल संख्या 10 करोड़ से ज्यादा है और इसके साथ ही लगभग 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से पीड़ित हैं।
डायबिटीज: शुगर कंट्रोल रखने के लिए बार-बार डॉक्टर के चक्कर क्यों लगाना? ये आसान से उपाय हैं न
Blood Sugar Control: ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने के लिए खान-पान में सुधार बहुत जरूरी माना जाता है। हमारी किचन में मौजूद दालें, चने, हरी सब्जियां, साबुत अनाज आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकते हैं। इनसे फाइबर और दूसरे पोषक तत्व मिलते हैं। डायबिटीज कंट्रोल के लिए नियमित जांच और शारीरिक गतिविधि भी जरूरी है।
ब्लड शुगर बढ़ने की बात आते ही सबसे पहले मीठा छोड़ने की सलाह दी जाती है। लेकिन क्या सिर्फ चीनी बंद करने से शुगर कंट्रोल हो सकती है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हम रोज जो रोटी, चावल, नाश्ता, फल और दूसरी चीजें खाते हैं, वे भी ब्लड शुगर पर असर डालती हैं। अच्छी बात यह है कि शुगर मैनेज करने के लिए आपको हर बार महंगे फूड या खास डाइट प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। आपकी रसोई में मौजूद चीजें भी इसमें मदद कर सकती हैं।
दालें और चने को करें डाइट में शामिल
मूंग-मसूर, चना, राजमा और दूसरे बीन्स में फाइबर और प्रोटीन होता है। फाइबर पाचन की गति को धीमा करता है जिससे भोजन के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की दिक्कत कम हो जाती है।
- ये प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है जो सेहत को ठीक रखने के लिए बहुत जरूरी हैं।
- दाल के साथ सब्जी और सीमित मात्रा में रोटी या चावल लें।
- खाने में ज्यादा तेल और नमक डालने से बचें।
हरी सब्जियों को बनाएं संतुलित डाइट का हिस्सा
पालक-लौकी, भिंडी और दूसरी बिना स्टार्च वाली सब्जियां फाइबर, विटामिन और खनिजों का अच्छा स्रोत हैं। इनमें आम तौर पर कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा भी कम होती है। कई अध्ययनों में भिंडी का पानी पीने को डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद बताया गया है।
- खाने में आधी प्लेट सब्जियों से भरें, एक चौथाई में प्रोटीन वाली चीजें और बाकी हिस्से में अनाज को शामिल करें। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति हो सकती है।
ओट्स, दलिया और साबुत अनाज से आप आसानी से फाइबर की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। इसी तरह अलसी और चिया सीड्स भी फाइबर का अच्छा स्रोत हैं। इन्हें आहार का हिस्सा बनाकर शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। फाइबर वाली चीजों को डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत जरूरी माना जाता है।
- मैदा और अत्यधिक रिफाइंड अनाज की जगह साबुत अनाज वाली चीजें खाएं।
- सीड्स और मेवे खाएं पर इसकी मात्रा का ध्यान रखें, क्योंकि इनमें से कुछ में हाई कैलोरी होती है।
- केवल मल्टीग्रेन या ब्राउन लिखे होने से किसी पैकेट को हेल्दी न मानें, उसका पोषण लेबल देखें।
किचन के मसाले भी रखते हैं शुगर को कंट्रोल
डायबिटीज की समस्या में रसोई में रोजाना इस्तेमाल में लाए जाने वाले मसाले भी थोड़ी मदद कर सकते हैं।
- दालचीनी- इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करने में मदद कर सकती है।
- मेथी दाना- इसमें फाइबर होता है, जो भोजन के बाद शुगर बढ़ने की गति धीमी कर सकता है।
- हल्दी- इसमें करक्यूमिन होता है, जिसमें सूजन कम करने वाले गुण हैं।
- जीरा- पाचन के लिए उपयोगी है, कुछ अध्ययनों में इसके ब्लड शुगर को कम करने में भी फायदे देखे गए हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।