ओरल हाइजीन का ध्यान रखना अच्छी सेहत के लिए जरूरी है। ये सिर्फ मुंह साफ रखने तक ही सीमित नहीं है। कई अध्ययन इस बात को लेकर अलर्ट करते रहे हैं कि अगर आप मुंह की अच्छे से साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते हैं तो इससे कई प्रकार की गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है।
Oral Hygiene: मौखिक स्वच्छता को अनदेखा करना कहीं बिगाड़ न दे आपकी सेहत? डॉक्टर की इस सलाह पर दें ध्यान
हम रोजाना ब्रश तो करते हैं लेकिन जीभ की सफाई को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि आपकी ये गलती भारी पड़ सकती है।अगर आप भी जीभ की सफाई को अनदेखा करते हैं तो आपके संपूर्ण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
जीभ की सफाई को न करें अनदेखा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हम रोजाना ब्रश तो करते हैं लेकिन जीभ की सफाई को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि आपकी ये गलती भारी पड़ सकती है।
अगर आप भी जीभ की सफाई को अनदेखा करते हैं तो आपके संपूर्ण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। जीभ साफ नहीं करने से इसकी सतह पर बैक्टीरिया, मृत कोशिकाएं और खाने के अवशेष जमा हो जाते हैं, जो शरीर में कई प्रकार की बीमारियों के खतरे को बढ़ाने वाले हो सकते हैं।
जीभ साफ न करने से इसकी सतह पर बैक्टीरिया एक मोटी और चिपचिपी फिल्म बनाते हैं, जो मुंह से बदबू आने, जीभ पर सफेद धब्बों या फंगल इंफेक्शन का कारण बन सकती है। स्वाद कलिकाएं बंद हो जाने से स्वादबोध में कमी आ सकती है। जीभ से बैक्टीरिया मसूड़ों तक फैल सकते हैं। इससे पीरियडॉटल बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। कुछ मामलों ये गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स रोग (जीईआरडी) जैसी पाचन समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसलिए जीभ नियमित तौर पर साफ करें।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अनुराग सागर कहते हैं, दांतों की ही तरह से रोजाना अपने जीभ की सफाई करते रहना भी जरूरी है। ये केवल मुंह और सांसों की ताजगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए अपनी जीभ को पूरी तरह स्वच्छ रखें।
यह बैक्टीरिया और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करते हैं और स्वादबोध में सुधार के साथ स्वस्थ पाचन को बढ़ावा देते हैं। खासकर शुष्क मुंह वालों, धूम्रपान करने वालों और उच्च प्रोटीन लेने वालों को विशेष रूप से जीभ साफ करने की जरूरत होती है। जीभ को साफ रखना स्वास्थ्य के लिए बहुत अहम है।
ओरल कैंसर से बचाव
ओरल कैंसर के मामले भी दुनियाभर में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि 2020 से 2040 तक मुंह के कैंसर (ओरल कैंसर) की घटनाएं 50.7% तक बढ़ सकती हैं। जो लोग शराब और तंबाकू दोनों का सेवन करते हैं उनमें मुंह के कैंसर का खतरा रहता है। इसके अलावा यदि आप अच्छी तरह से रोजाना मुंह साफ नहीं करते हैं तो इसके कारण भी इसका जोखिम काफी बढ़ सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।