वैश्विक स्तर पर जिस तरह से दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, ये हर उम्र के लोगों के लिए चिंता का कारण है। हाल के वर्षों में आपने भी कम उम्र के लोगों की हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट से मौत की खबरें जरूर सुनी होंगी। यही वजह है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को दिल की सेहत को लेकर निंरतर सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं।
सेहत की बात: बैठे-बैठे अचानक तेज हो जाती है आपके दिल की धड़कन? जान लीजिए क्या हो सकते हैं इसके कारण
Sudden Fast Heartbeat: अचानक दिल की धड़कन तेज होने के पीछे तनाव, कैफीन, एनीमिया, थायरॉइड और हार्ट रिदम में गड़बड़ी जैसे कारण हो सकते हैं। कई बार यह सामान्य होता है, लेकिन सीने में दर्द, सांस फूलने और बेहोशी के साथ तेज धड़कन गंभीर हार्ट समस्या का संकेत हो सकती है।
अमर उजाला से बातचीत में कार्डियोलॉजिस्क डॉ अनुपम सिंह बताते हैं, तनाव-घबराहट, ज्यादा कैफीन या नींद की कमी जैसी स्थितियां आपके धड़कनों को बढ़ाने वाली हो सकती हैं। हालांकि, कई बार यह हार्ट रिदम में गड़बड़ी का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि अनियमित धड़कन हार्ट और ब्रेन दोनों के लिए जोखिम बढ़ा सकती हैं।
आइए जान लेते हैं कि धड़कनों में इस प्रकार की तेजी आखिर होती क्यों है/
अक्सर तनाव में रहते हैं आप?
- जब आप तनाव या डर में होते हैं, तो शरीर में एड्रेनालिन जैसे स्ट्रेस हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। इससे हार्ट रेट तेज हो जाती है।
- पैनिक अटैक में भी दिल तेजी से धड़कने, पसीना आने, सांस तेज चलने और बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
- आमतौर पर तनाव कम होने पर धड़कन सामान्य हो जाती है।
आपको हार्ट की बीमारी तो नहीं?
दिल की धड़कन को नियंत्रित करने वाला इलेक्ट्रिकल सिस्टम जब ठीक से काम नहीं करता, तो धड़कन बहुत तेज, धीमी या अनियमित हो सकती है। एट्रियल फिब्रिलेशन और सुप्रावेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया जैसी समस्याओं के शिकार लोगों में ये समस्या बहुत कॉमन हैं।
कभी-कभार कुछ सेकंड के लिए धड़कन तेज होना हमेशा गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता। लेकिन अगर यह बार-बार हो रही है, लंबे समय तक बनी रहती है या आराम करते समय भी होती है, तो इसके कारणों का पता लगाने के लिए जांच जरूरी है। धड़कन तेज होने के साथ अगर सीने में दर्द, सांस फूलने या बेहोशी महसूस होने की समस्या हो तो ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी सहायता लें।
ज्यादा चाय-कॉफी का सेवन
- चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन होता है। जरूरत से ज्यादा कैफीन लेने पर नर्वस सिस्टम उत्तेजित हो सकता है। इससे कुछ लोगों को दिल की धड़कन तेज या अनियमित महसूस होती है। निकोटीन और कुछ सर्दी-जुकाम की दवाएं भी इसकी वजह बन सकती हैं।
आपको एनीमिया और थायरॉइड की समस्या तो नहीं?
- शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने पर दिल को शरीर तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इससे धड़कन तेज हो सकती है। इसी तरह थायरॉइड हार्मोन ज्यादा बनने यानी हाइपरथायरॉइडिज्म में भी हार्ट रेट बढ़ सकती है। बुखार और डिहाइड्रेशन भी इसके कारण हो सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
