देशभर में सर्दियों के मौसम की शुरुआत हो गई है। ये मौसम भले ही ज्यादातर लोगों की पहली पसंद हो पर अपने साथ स्वास्थ्य से संबंधित कई तरह की चुनौतियां लेकर आता है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के साथ वायु प्रदूषण का भी असर देखा जा रहा है, जिसने लोगों के लिए मुश्किलें और भी बढ़ा दी हैं।
हेल्थ अलर्ट: सर्दी और प्रदूषण का डबल अटैक विटामिन-डी की कमी का न बन जाए कारण? आप भी तो नहीं हो गए शिकार
Vitamin-D Deficiency In Winter: सर्दियों में हमारा धूप से संपर्क कम होता है और घर के अंदर ज्यादा समय बिताने से विटामिन-डी की कमी का खतरा बढ़ सकता है। इसकी कमी से हड्डियों में दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और थकान हो सकती है।
विटामिन डी हड्डियों और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के साथ शरीर में कैल्शियम और फॉस्फेट के संतुलन को बनाए रखने में भी मदद करता है। लंबे समय तक इसकी कमी बनी रहे तो हड्डियों में दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और दूसरी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि सर्दियों में इसकी कमी क्यों होती है और शरीर कैसे इसके संकेत देता है?
सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है विटामिन डी की कमी का खतरा?
विटामिन डी का निर्माण त्वचा के सूरज की अल्ट्रावायलेट-बी किरणों के संपर्क में आने पर होता है। सर्दियों में धूप कम मिलने, लोगों के घरों में ज्यादा समय बिताने के साथ कई हिस्सों में प्रदूषण बढ़ने के कारण शरीर में इसका निर्माण प्रभावित हो सकता है।
- शरीर को गर्म रखने के लिए हम ज्यादातर त्वचा ढककर रखते हैं, इससे त्वचा का सूर्य की रोशनी से संपर्क कम हो पाता है।
- इसके अलावा भोजन में विटामिन-डी वाली चीजें पर्याप्त मात्रा में न होने से भी इसकी कमी हो सकती है।
कहीं आप भी तो नहीं हो गए हैं इसका शिकार?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आमतौर पर शुरुआती चरण में विटामिन-डी की कमी के लक्षण स्पष्ट दिखाई नहीं देते। हालांकि, इसकी कमी बढ़ने पर शरीर में कई तरह की दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। इस विटामिन की कमी के कारण हड्डियों में दर्द के साथ पीठ, कमर या पैरों में परेशानी बढ़ जाती है।
- आपको मांसपेशियों में कमजोरी और दर्द भी हो सकता है।
- आप काम करते हुए जल्दी थकान महसूस कर सकते हैं।
- सीढ़ियां चढ़ने, चलने या कुर्सी से उठने में मांसपेशियों की कमजोरी महसूस हो सकती है।
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, वैसे तो विटामिन-डी की कमी किसी भी व्यक्ति में हो सकती है, पर कुछ स्थितियां ऐसी हैं जो आपके जोखिमों को और बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
- जो लोग ज्यादातर समय घर या ऑफिस के अंदर बिताते हैं। उनमें विटामिन-डी की उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
- बुजुर्ग की त्वचा में विटामिन डी बनाने की क्षमता कम हो जाती है।
- गहरे रंग की त्वचा वाले लोगों और जिन्हें आंतों में दिक्कत रहती है उन्हें भी परेशानी होती है।
डॉक्टर कहते हैं, विटामिन-डी के लिए रोजाना कुछ समय धूप में जरूर बिताएं। इसके अलावा खान-पान में विटामिन-डी वाली चीजें शामिल करें।अंडे की जर्दी, फैटी फिश, विटामिन डी से फोर्टिफाइड दूध और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लिया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
