दिल की बीमारियों का जोखिम पिछले कुछ वर्षों में काफी तेजी से बढ़ते देखा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पाया कि कम उम्र के लोग भी इस रोग के शिकार होते जा रहे हैं। 30 से कम आयु के लोगों में दिल का दौरा पड़ने के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं जो काफी चिंताजनक हैं।
Heart Health: हृदय रोगों से बचा सकती हैं ये औषधियां, दैनिक सेवन से कोलेस्ट्रॉल-ब्लड प्रेशर रहता है कंट्रोल
कोलेस्ट्रॉल कम करती है काली मिर्च
हाई कोलेस्ट्रॉल को हृदय रोगों के प्रमुख कारकों में से एक माना जाता है, ऐसे में हार्ट के लिए वो औषधियां लाभकारी हो सकती हैं जो इसके स्तर को कम करती हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि काली मिर्च के नियमित सेवन से आपको कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने मे लाभ मिल सकता है। इसमें पिपेरिन यौगिक होता है जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में प्रभावी पाया गया है।
इसके अलावा पिपेरिन शरीर से इंफ्लामेशन को भी कम करता है जिससे भी हार्ट को लाभ मिल सकता है।
इलाइची से होने वाले फायदे
काली मिर्च के अलावा इलाइची भी हार्ट के लिए फायदेमंद औषधियों में से एक है। चूहों पर किए गए अध्ययन के निष्कर्षों से पता चलता है कि इलायची के सेवन से दिल की बीमारियों के खतरे को कम करने में लाभ मिल सकता है। इसकी एंटीऑक्सीडेंट गतिविधियां हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखने में मदद करती है। एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि इलायची का तेल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
हार्ट के लिए हल्दी भी फायदेमंद
करक्यूमिन आपमें हृदय रोगों के खतरे को कम कर सकता है। ये हल्दी में पाया जाने वाला यौगिक है, यानी कि अगर आप हल्दी का सेवन करते हैं तो इससे भी हार्ट को लाभ मिल सकता है।
कई अध्ययन सुझाव देते हैं कि करक्यूमिन हृदय स्वास्थ्य में सुधार ला सकता है। इसके अलावा करक्यूमिन सूजन को कम करने में भी मदद करता है, जो हृदय रोगों के लिए प्रमुख कारक है। हल्दी को दैनिक आहार का हिस्सा बनाकर लाभ पाया जा सकता है।
लहसुन से कम होता है ब्लड प्रेशर
उच्च रक्तचाप, हृदय रोगों के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारकों में से एक है। अध्ययनों के विश्लेषण में पाया गया कि उच्च रक्तचाप वाले लोगों में रक्तचाप को कम करने के लिए लहसुन का सेवन प्रभावी हो सकता है। विश्लेषण में पाया गया कि लहसुन का प्रभाव कुछ रक्तचाप की दवाओं के समान था। ऐसे में अगर इसे आहार का हिस्सा बनाया जाए तो हृदय स्वास्थ्य में सुधार कर सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।