पेट की दिक्कतें कई कारणों से हो सकती हैं। अपच-एसिडिटी के कारण दर्द-पेट फूलने से लेकर पाचन की गंभीर समस्याओं में भी इससे मिलते-जुलते लक्षण देखे जा सकते हैं। यही कारण है कि अगर आपको पेट की कोई भी समस्या होती रहती है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना आवश्यक हो जाता है।
Gastrointestinal: पेट में दर्द-ऐंठन कुछ मामलों में गंभीर रोगों का हो सकता है संकेत, इन लक्षणों पर दें ध्यान
खाने के बाद पेट में दर्द होना
भोजन के बाद पेट में होने वाला दर्द काफी सामान्य है, आमतौर पर यह अधिक खाने या गैस के कारण हो सकता है। पर कुछ स्थितियों में इसे क्रोहन डिजीज का एक सामान्य लक्षण भी माना जाता है। अगर आपको अक्सर भोजन के बाद पेट दर्द की दिक्कत होती रहती है तो इस बारे में किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
क्रोहन डिजीज, आंतों से संबंधित रोग है जिसमें आपके गैस्ट्रोइंटस्टाइनल ट्रैक्ट में सूजन हो जाती है। इसपर ध्यान न दिया जाए तो सूजन के बढ़ने और अन्य पाचन अंगों को भी प्रभावित करने का जोखिम हो सकता है।
पेट में सूजन या अक्सर फूलने की दिक्कत
यदि आपका पेट अक्सर सूजा हुआ रहता है तो सामान्यतौर पर इसे गैस माना जाता है। हालांकि अगर लंबे समय तक यह दिक्कत बनी रहती है तो इसके कई कारण हो सकते हैं जैसे पेट में ऊतकों की वृद्धि, किसी प्रकार का संक्रमण या हर्निया आदि।
आपकी आंतों में अगर कोई समस्या होती है तो भी पेट फूला हुआ रह सकता है। ऐसी स्थिति में आपको ऐंठन, भूख न लगने और शौच करने में भी परेशानी हो सकती है। इनमें से कोई भी लक्षण होने पर आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द
पेट के अलग-अलग हिस्सों में दर्द के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। जैसे पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द को अपच और पित्त की समस्याओं से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि अगर ये समस्या आसानी से ठीक नहीं होती है तो इसके लिए पित्ताशय की थैली में होने वाली समस्याओं को भी एक कारण माना जा सकता है।
आमतौर पर ऐसा तब होता है जब पथरी के कारण आपके पित्ताशय की थैली से पित्त का प्रवाह अवरुद्ध होने लगता है। पथरी की समस्याओं का समय पर उपचार किया जाना आवश्यक है।
हमेशा पेट भरा हुआ महसूस करना
भोजन के एक-दो घंटे तक आपका पेट भरा हुआ होना सामान्य है पर अगर आपको ऐसी दिक्कतें अक्सर बनी रहती हैं तो संभव है कि ये अल्सर या जीईआरडी (गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स रोग) के कारण हो रहा हो। मधुमेह की समस्या के शिकार लोगों में इस तरह के लक्षण अधिक होते रहते हैं। कुछ प्रकार के कैंसर, ओवरी की समस्याओं या पैंक्रियाटिक रोग के कारण भी आपको अक्सर पेट भरा हुआ महसूस होता रह सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।