यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या के बारे में आपने भी जरूर सुना होगा, ये स्थिति कई प्रकार की दिक्कतों को बढ़ाने वाली हो सकती है। यूरिक एसिड हमारे शरीर में पाया जाने वाला एक प्रकार का अपशिष्ट पदार्थ है जो प्यूरीन नामक यौगिकों के ब्रेकडाउन से बनता है। प्यूरीन एक प्राकृतिक रसायन है जो शरीर की कोशिकाओं और कुछ खाद्य पदार्थों जैसे रेड मीट, मछली, शराब और फ्रुक्टोज वाली चीजों में पाया जाता है।
Health Tips: यूरिक एसिड बढ़ने का सता रहा है डर? शुरू कर दीजिए ये उपाय, दूर रहेगा खतरा
यूरिक एसिड का बढ़ना शरीर में कई प्रकार की समस्याओं का कारण बन सकता है। यदि आपके शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा अधिक रहती है तो यह हाइपरयुरिसीमिया का कारण बन सकती है।
यूरिक एसिड बढ़ने का खतरा
यदि आपका शरीर बहुत अधिक यूरिक एसिड बनाता है या यदि आपकी किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है, तो यूरिक एसिड रक्त में जमा हो सकता है।
यूरिक एसिड का बढ़ना शरीर में कई प्रकार की समस्याओं का कारण बन सकता है। यदि आपके शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा अधिक रहती है तो यह हाइपरयुरिसीमिया का कारण बन सकती है। हाइपरयुरिसीमिया के कारण यूरिक एसिड तेजी से क्रिस्टल में एक साथ चिपक जाता है। ये क्रिस्टल आपके जोड़ों में जमा होकर गठिया और गाउट की समस्या को बढ़ाने वाले हो सकते हैं साथ ही इससे किडनी में स्टोन होने और किडनी की अन्य समस्याओं का भी जोखिम हो सकता है।
आप कुछ उपाय करके यूरिक एसिड को कंट्रोल रख सकते हैं।
हाई प्यूरीन वाली चीजों का कम कर दें सेवन
प्यूरीन ऐसे यौगिक हैं जो कुछ खाद्य पदार्थों में प्राकृतिक रूप से पाए जाते हैं। शरीर प्यूरीन को तोड़ता है, यह यूरिक एसिड का उत्पादन करता है। इन चीजों से बचाव के लिए जरूरी है कि आप बियर और शराब, उच्च वसा वाले खाद्य पदार्थ, जैसे डेयरी उत्पाद और रेड मीट का सेवन कम करें।
वजन को रखें कंट्रोल
यूरिक एसिड और इसके कारण होने वाली समस्याओं से बचाव का दूसरा उपाय है- वजन को कंट्रोल में रखना।
शरीर के वजन को कंट्रोल में रखना आपको यूरिक एसिड के कारण होने वाली समस्या और गाउट की जटिलताओं से बचाने में मदद मिल सकती है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि मोटापा बढ़ने से गाउट का खतरा भी बढ़ जाता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सभी लोग अपने वजन को नियंत्रित करने के लिए प्रयास करें। वजन को कंट्रोल करने से डायबिटीज और हृदय रोगों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
यूरिक एसिड को कंट्रोल में रखने लिए आपको नियमित रूप से कुछ और सावधानियां बरतते रहना चाहिए।
- फ्रुक्टोज और शुगर का सेवन कम करें, विशेष रूप से सॉफ्ट ड्रिंक्स और पैक्ड जूस से बचें।
- दिनभर में 2.5-3 लीटर पानी पीने से यूरिक एसिड पेशाब के जरिए बाहर निकलता है।
- ओवरवेट लोगों में यूरिक एसिड लेवल बढ़ने की संभावना ज्यादा होती है, इसलिए वेट लॉस करने वाले उपाय करें।
- रोजाना 30 मिनट की वॉक या एक्सरसाइज करने से मेटाबोलिज्म सुधरता है और कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं का जोखिम कम होता है।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।