शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए रोजाना आहार के माध्यम से पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। पोषक तत्वों की विस्तृत श्रृंखला शरीर के अंगों को स्वस्थ रखते हुए, ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने और आपको कई प्रकार की बीमारियों के खतरे से बचाने में लाभदायक मानी जाती है।
Health Tips: न्यूट्रिशन के लिए कहीं आप भी तो नहीं कर रहे इन चीजों का अधिक सेवन, फायदे की जगह हो सकता है नुकसान
कॉफी को लेकर बरतें सावधानी
कॉफी को कई अध्ययनों में सेहत के लिए फायदेमंद बताया गया है, इसमें एंटीऑक्सिडेंट और अन्य सक्रिय यौगिकों की अधिकता होती है जिससे शरीर को कई प्रकार से लाभ हो सकता है। कॉफी में सक्रिय संघटक कैफीन होता है जो आपको रिफ्रेश रखने और कुछ अध्ययनों में इसे कई प्रकार की बीमारियों के लक्षणों को कम करने वाला भी बताया गया है। हालांकि इसका अधिक मात्रा में सेवन करना (प्रतिदिन 500-600 मिलीग्राम) तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे अनिद्रा, घबराहट, चिड़चिड़ापन, पेट में ऐंठन, दिल के धड़कन में अनियमितता की समस्या हो सकती है।
जायफल के अधिक सेवन से नुकसान
जायफल हर घर में मसालों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाली औषधि है, इसे भोजन के स्वाद को बढ़ाने के साथ कई प्रकार की समस्याओं के घरेलू उपचार के तौर पर भी प्रयोग में लाया जाता रहा है। जायफल में मिरिस्टिसिन नामक यौगिक होता है, जो एक मनो-एक्टिव पदार्थ है। कम मात्रा में जायफल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है पर इसकी अधिकता मिरिस्टिसिन विषाक्तता का कारण बन सकती है। इस स्थिति में हृदय गति में अनियमितता, मतली, चक्कर आने, दर्द और मतिभ्रम जैसी समस्याओं का खतरा हो सकता है।
मांसाहार के अधिक सेवन के नुकसान
पशुओं पर आधारित चीजें जैसे मछली, अंडा, डेयरी उत्पाद, चिकन शरीर के लिए आसानी से कई प्रकार के पोषक तत्वों की पूर्ति कर सकते हैं, लेकिन अधिक मात्रा में यह हानिकारक हो सकता है। विशेषकर रेड मीट के अधिक सेवन को अध्ययनों में कई प्रकार से नुकसानदायक बताया गया है। शोध से पता चला है कि नियमित रूप से रेड मीट या प्रोसेस्ड मीट खाने से टाइप-2 डायबिटीज, कोरोनरी हृदय रोग, स्ट्रोक और कुछ प्रकार के कैंसर, विशेष रूप से कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
नमक के सेवन को लेकर सावधानी
नमक शरीर के लिए अति आवश्यक है, इसमें मौजूद सोडियम शरीर को बेहतर ढंग से कार्य करते रहने में सहायक है। हृदय की लय को बनाए रखने, तंत्रिका आवेगों का संचालन करने और रक्तचाप के लिए भी इसे आवश्यक माना जाता है। हालांकि ध्यान रखें अधिक मात्रा में नमक का सेवन उच्च रक्तचाप का कारण बन सकता है। हाई सोडियम वाले खाद्य पदार्थों का लगातार सेवन हृदय की समस्याओं का कारण बनता है, इसको लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतते रहना चाहिए।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।