Medically Reviewed by Dr. Parvesh Malik
मोटापा आज के समय की सबसे गंभीर समस्या है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, अधिक वजन या मोटापे के कारण हर साल 40 लाख से अधिक लोगों की मौत हो जाती है। वयस्कों और यहां तक कि बच्चों में भी अधिक वजन और मोटापे की दर लगातार बढ़ती जा रही है। दिक्कत ये है कि मोटापा कई बीमारियों का एक प्रमुख जोखिम कारक है, जिसमें हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियां शामिल हैं, जो दुनियाभर में लोगों की मौत के प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञ कहते हैं मोटापा कम करने के लिए लोगों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक, हर चीज का ध्यान रखना पड़ता है। खासकर रात के समय बाहर और ऊट-पटांग की चीजें खाना सेहत पर बुरा असर डालता है और मोटापे को बढ़ाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि रात में किन चीजों का सेवन करना चाहिए, जिससे मोटापा कम करने में मदद मिले?
सलाह: रात में सोने से पहले जरूर करें इन चार चीजों का सेवन, मोटापा कम करने में मिलेगी मदद
दही
- दही में कई प्रकार के पोषक तत्व होते हैं, जो सेहत को लाभ पहुंचाते हैं। इसमें मौजूद प्रोटीन जहां मांसपेशियों को मजबूती देने का काम करते हैं, तो वही अगर रात को सोने से पहले महज एक कप ही दही का सेवन किया जाए, तो इससे वजन या फिर मोटापा कम करने में काफी मदद मिलती है।
खीरा
- विशेषज्ञ कहते हैं कि रात का खाना बेहद हल्का-फुल्का होना चाहिए। इसलिए सलाद और सूप रात के खाने के लिए सबसे अच्छे होते हैं। आप सलाद के रूप में खीरे का सेवन कर सकते हैं। इससे जल्दी पेट भी भर जाता है और आसानी से पच भी जाता है। इससे मोटापा कम करने में भी काफी मदद मिलती है।
ओट्स
- ओट्स को स्वस्थ आहार में से एक माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है और वसा भी कम होती है। ऐसे में यह मोटापा घटाने में सहायक हो सकता है। हालांकि अधिकतर लोग सोचते हैं कि ओट्स को सुबह नाश्ते में ही खाना चाहिए, जबकि ऐसा नहीं है। विशेषज्ञ कहते हैं कि आप रात में भी बिना किसी चिंता के ओट्स का सेवन कर सकते हैं।
बादाम
- बादाम में अच्छी खासी मात्रा में फाइबर पाया जाता है। इसे खाने से काफी देर तक भूख नहीं लगती है। ऐसे में इसके सेवन से मोटापे को कम करने में मदद मिल सकती है। आप रात में भी इसका सेवन कर सकते हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि रात को बादाम खाने से ब्लड शुगर लेवल तो नियंत्रित होता ही है, साथ ही नींद और उसकी गुणवत्ता को भी बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
नोट: डॉ. परवेश मलिक एक फिजिशियन हैं और वर्तमान में पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में कार्यरत हैं। डॉ. मलिक ने हरियाणा के महर्षि मार्कंडेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च मुल्लाना, से अपना एबीबीएस पूरा किया है। इन्होंने जनरल मेडिसिन में एमडी भी किया। पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम करने से पहले डॉ. परवेश ने एम.एम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम किया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।