Why Does Urinary Infection Occur: यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई) एक आम समस्या है जो किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है, लेकिन महिलाओं में इसका खतरा अधिक होता है। इसे हिंदी में मूत्र मार्ग संक्रमण भी कहते हैं। यह संक्रमण तब होता है जब बैक्टीरिया मूत्रमार्ग के माध्यम से मूत्राशय और गुर्दे तक पहुंच जाते हैं। यूटीआई के लक्षणों में पेशाब करते समय जलन या दर्द, बार-बार पेशाब आने की इच्छा होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द और कभी-कभी बुखार भी शामिल होता है।
UTI: दिनचर्या के इन गलतियों की बढ़ जाता है यूटीआई का खतरा, आज ही सुधारें अपनी आदतें
यूटीआई एक बेहद आम समस्या है, जिससे अधिकतर लोग कभी न कभी दो चार होते हैं। सामान्य तौर पर इस बीमारी के पीछे हमारी ही दिनचर्या की कुछ गलत आदतें होती हैं, जिसके बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।
कम पानी पीना
कम पानी पीने से पेशाब की मात्रा कम हो जाती है, जिससे पेशाब पतला नहीं होता। ऐसी स्थिति में मूत्रमार्ग में बैक्टीरिया के बढ़ने और जमा होने से यूटीआई का खतरा बढ़ जाता है। पेशाब का प्रवाह शरीर से बैक्टीरिया को बाहर निकालने का एक प्राकृतिक तरीका है, और जब यह प्रवाह धीमा होता है, तो संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना सबसे महत्वपूर्ण है, ताकि पेशाब के माध्यम से हानिकारक बैक्टीरिया बाहर निकल सकें।
ये भी पढ़ें- Kidney Stone: हम पत्थर वाली चीजें तो नहीं खाते फिर कैसे बनती है किडनी में पथरी? आसान भाषा में समझिए
पेशाब को रोकना
पेशाब को लंबे समय तक रोके रखना भी उतना ही हानिकारक है। जब आप पेशाब को रोकते हैं, तो मूत्राशय में मौजूद बैक्टीरिया को संक्रमण फैलाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है। यह बैक्टीरिया को मूत्राशय से गुर्दे तक भी पहुंचा सकता है, जिससे एक गंभीर संक्रमण हो सकता है।
यह आदत न केवल यूटीआई का खतरा बढ़ाती है, बल्कि मूत्राशय पर अनावश्यक दबाव भी डालती है। इसलिए जब भी आपको पेशाब लगे तुरंत जाना सबसे अच्छा होता है।
टाइट कपड़े पहनना
टाइट-फिटिंग और सिंथेटिक कपड़े पहनना भी यूटीआई का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे कपड़े हवा को रोकते हैं, जिससे नमी और गर्मी बनी रहती है, जो बैक्टीरिया के पनपने के लिए एक आदर्श वातावरण बनाती है। ढीले और सूती कपड़े पहनने से त्वचा को सांस लेने का मौका मिलता है और संक्रमण का जोखिम कम होता है।
पब्लिक टॉयलेट का उपयोग करते समय सावधानी न बरतना और मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी पैड या टैम्पोन को समय पर न बदलना भी यूटीआई का कारण बन सकता है। गंदे शौचालयों का उपयोग करने से पहले उसे अच्छी तरह से साफ करना चाहिए। इसके अलावा मासिक धर्म स्वच्छता का पालन करना भी बहुत जरूरी है ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।