कोरोना संक्रमण के कम होते मामलों के बीच एक बार फिर से देशभर में जारी प्रतिबंधों में छूट देने की शुरुआत हो चुकी है। शिक्षण संस्थान और ऑफिसों को दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन और तमाम तरह के प्रतिबंधों के कारण लोगों की सेहत, विशेषतौर पर मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर देखा जा रहा है, ऐसे में स्थिति का सामान्य होना बहुत आवश्यक है। हालांकि कोरोना के इस दौर में दोबारा स्कूल और ऑफिस जा रहे लोगों को विशेष सावधानियां बरतते रहने की आवश्यकता है। हमें कभी भी यह नहीं भूलना चाहिए कि सिर्फ कोरोना के मामले कम हुए है, वायरस हमारे बीच अब भी मौजूद है।
Life After Covid: खुल रहे हैं ऑफिस-कॉलेज, ऐसी छोटी-छोटी गलतियां दोबारा बढ़ा सकती हैं संक्रमण का जोखिम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑफिस में मास्क पहनकर रहें
अमर उजाला से एक बातचीत में इंदौर में कोविड ट्रेकिंग प्रभारी डॉ अनिल डोंगरे कहते हैं, कोरोना की कम होती रफ्तार के बीच दोबारा ऑफिस और कॉलेज खुल रहे हैं। सभी लोगों को इस दौरान कोरोना से बचाव को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों में कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए। ऑफिस में चूंकि लोग इकट्ठा होते हैं ऐसे में सभी लोगों को मास्क पहनकर रखना चाहिए। मास्क का उपयोग करके कोरोना के संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।
हाथों की सफाई जरूरी
घर के एकांत माहौल से निकलकर एक बार फिर से लोगों के बीच जाने और उनसे मिलने से कोरोना का प्रसार बढ़ सकता है। ऑफिस के दौरान कई चीजों को हम लगातार छूते रहते है, इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसी चीजें जो लगातार बहुत से लोगों को संपर्क में रहती हों उन्हें छूने के बाद हाथों की सफाई या सेनेटाइज करना बिल्कुल न भूलें। कोरोना का वायरस सतह पर काफी देर तक रह सकता है, ऐसे में इससे बचे रहने के लिए हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
दूर से 'हेलो-हाय'
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऑफिस में जाने का मतलब यह नहीं है कि हम फिर से वही गलतियां दोहारने लगें जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। दोस्तों और सहकर्मियों से मिलते समय हाथ मिलाने की जगह दूर से ही नमस्ते करें। ओमिक्रॉन संक्रमण के ज्यादातर केस एसिम्टोमैटिक रहे हैं, ऐसे में आपको पता नहीं है कि कौन संक्रमित है और कौन नहीं। इसलिए दूर से हेलो-हाय करें, हाथ मिलाते भी हैं तो हाथों को सेनेटाइज जरूर करें।
इन बातों का भी ध्यान रखें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कार्यालय खुल रहे हैं, हम पहले की ही तरह जल्द ही पुरानी जीवशैली में आने जा रहे हैं। सुबह जल्दी जागने से लेकर ऑफिस पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की ओर भागने तक। सार्वजनिक चीजों को छूने, आसपास लोगों से घिरे रहने और एक दूसरे के निकट संपर्क में आने तक, कई चीजें संक्रमण के जोखिम को बढ़ावा दे सकती हैं। ऐसे में बहुत आवश्यक है कि हम सभी लगातार, बिना लापरवाही के कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करते रहें। ध्यान रखें कोरोना से सुरक्षित रहने के लिए बचाव करते रहना सबसे आवश्यक है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।