दुनियाभर में पिछले एक दशक में हृदय रोगों (सीवीडी) के मामले तेजी से बढ़े हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक हृदय रोग, विश्व स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। साल 2019 में सीवीडी से अनुमानित 17.9 मिलियन (1.79 करोड़) से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई, जो कुल वैश्विक मौतों का करीब 32 फीसदी है। इनमें से 85 फीसदी मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण हुईं। यानी कि हार्ट अटैक और स्ट्रोक, स्वास्थ्य के लिए बड़े खतरे माने जा सकते हैं। हाल ही में हार्वर्ड ने एक अध्ययन में बताया है कि जो लोग पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन ज्यादा करते हैं, उन लोगों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा अन्य लोगों की तुलना में कम पाया गया है।
खुशखबरी: शाकाहारी लोगों में इस गंभीर बीमारी से मौत का खतरा कम, हार्वर्ड के अध्ययन में दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या कहता है अध्ययन?
हार्वर्ड टी. एच. चैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य पदार्थों यानी की शाकाहारी भोजन का सेवन करने वाले लोगों में स्ट्रोक का खतरा कम होता है। मेडिकल जर्नल न्यूरोलॉजी में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने हृदय रोगों से बचने के लिए शाकाहारी भोजन को ज्यादा बेहतर बताया है।
पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य
विशेषज्ञों ने भोजन में पत्तेदार साग, साबुत अनाज और बीन्स जैसे खाद्य पदार्थों की अधिक जबकि रिफाइंड अनाज, आलू और ऐडेड शुगर जैसे खाद्य पदार्थों की कम मात्रा को पौधों पर आधारित स्वस्थ भोजन की श्रेणी में रखा है। विशेषज्ञों ने बताया है कि इस तरह के भोजन का सेवन करने वाले लोगों में स्ट्रोक का खतरा काफी कम हो सकता है। अध्ययन के दौरान जिन प्रतिभागियों ने बताया कि वह महीने में 0-1 बार मांस या मछली का सेवन करते हैं, उन्हें शाकाहारी के रूप में वर्गीकृत किया गया, बाकी अन्य सभी को मांसाहार की श्रेणी में रखा गया। शाकाहारी वर्ग वाले लोगों में हृदय रोगों का खतरा तुलनात्मक रूप से कम देखा गया।
पोषण नीतियों में सुधार की जरूरत
डिपार्टमेंट ऑफ न्यूट्रीशियन में प्रोफेसर और अध्ययन के लेखकों में से एक मेगू बाडेन कहते हैं, अध्ययन के निष्कर्ष में महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य निहितार्थ हैं। इस अध्ययन के आधार पर हम कह सकते हैं कि लोगों में स्ट्रोक के जोखिम को कम करने के लिए भविष्य की पोषण नीतियों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अध्ययन के निष्कर्ष में पाया गया कि जो लोग पौधों पर आधारित स्वस्थ खाद्य का सेवन ज्यादा करते हैं उनमें स्ट्रोक और हार्ट अटैक का जोखिम कम होता है।
स्वास्थ्य और दीर्घायु रहने के लिए 2 फल-3 सब्जियों का सेवन
इससे पहले, मार्च 2021 में हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के पोषण विशेषज्ञ और चिकित्सा संकाय के सदस्य डोंग डी वांग ने स्वस्थ और दीर्घायु रहने के लिए सभी लोगों को आहार में फल और सब्जियों को शामिल करने पर जोर दिया था। प्रो. डोंग डी कहते हैं, इस तरह का आहार कई तरह की क्रोनिक बीमारियों की रोकथाम में काफी फायदेमंद हो सकता है। सभी लोगों को दैनिक आहार में किन्हीं दो फल और तीन सब्जियों को जरूर शामिल करना चाहिए।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
Quality of Plant-Based Diet and Risk of Total, Ischemic, and Hemorrhagic Stroke
अस्वीकरण नोट: यह लेख मेडिकल जर्नल न्यूरोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन के निष्कर्ष के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। बीमारी के बारे में विस्तार से जानने के लिए किसी डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं।