दोपहर के समय, विशेषतौर पर खाने के बाद नींद आना काफी सामान्य है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, दोपहर के भोजन के बाद आपके पाचन तंत्र में रक्त का प्रवाह बढ़ जाता है जिसके कारण मस्तिष्क में रक्त की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम हो सकती है, इससे नींद आने और थकान की समस्या हो सकती है। इसके अलावा एक अन्य थ्योरी कहती है, भोजन के बाद शरीर में बढ़े ग्लूकोज के स्तर के कारण आपको झपकी अधिक आती है।
Day Time Sleep: दिन में सोने की आदत अच्छी है या बुरी? क्या होता है इसका सेहत पर असर
दिन में नींद लेने का असर
हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार दिन के समय छोटी सी झपकी या नींद, याददाश्त में सुधार करने और आपकी सक्रियता को बढ़ाने में लाभकारी हो सकती है। पर अगर ये आदत बन रही है तो दीर्घकालिक रूप से इसके कई नुकसान भी हो सकते हैं, जिसको लेकर अलर्ट रहने की आवश्यकता होती है।
अध्ययनकर्ताओं की टीम ने बताया कि दिन में अगर आपके सोने का समय बढ़ रहा है तो ये स्थिति कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिमों को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
हार्वर्ड के विशेषज्ञों ने बताया, जो वयस्क दिन में लंबी नींद लेते हैं उनमें मधुमेह, हृदय रोग और अवसाद जैसी बीमारियों के होने की आशंका अधिक हो सकती है। दिन में सोने की इच्छा इस बात का संकेत हो सकती है कि आपको रात में पर्याप्त नींद नहीं मिल रही है, और रात में नींद पूरी न हो पाने को स्वास्थ्य विशेषज्ञ कई क्रोनिक बीमारियों को बढ़ाने वाला मानते रहे हैं।
रात की पर्याप्त नींद करें सुनिश्चित
कुछ मामलों में, दिन में अधिक देर तक सोना, आपके पूरे स्लीपिंग साइकल को बिगाड़ने वाली हो सकती है। जबकि अध्ययन कहते हैं, शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि रोज रात में 6-8 घंटे की निर्बाध नींद लेना सुनिश्चित किया जाए।
दिन में नींद को लेकर क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दिन में अगर आप हल्की झपकी लेना चाह रहे हैं तो इसके लिए दोपहर का शुरुआती समय उचित हो सकता है जब आपका शरीर प्राकृतिक सर्कैडियन डिप का अनुभव करता है। दिन में 20-30 मिनट से ज्यादा देर तक नहीं सोना चाहिए। हल्की झपकी आपके अलर्टेशन को बढ़ाती है, हालांकि ज्यादा सोने के कारण आपके रात की सामान्य नींद पर असर हो सकता है। अलार्म सेट करके इसका सही समय निर्धारित करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।