भारत के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से लोग संगम में स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। महाकुंभ के पहले अमृत स्नान में मंगलवार को 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। 26 फरवरी तक ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटकों का संगम स्थली पर एकत्र होना जितना भव्य दृश्य होगा, उतना ही स्वास्थ्य की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
Mahakumbh 2025: महाकुंभ की यात्रा कहीं बन न जाए सर्दी-जुकाम और बुखार का कारण, इस तरह करें संगम स्नान
यदि आप महाकुंभ में जा रहे हैं, तो संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जान कर उनके बचाव के तरीकों को अपना लें।
महाकुंभ में संभावित स्वास्थ्य समस्याएं
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संक्रमण जैसे फ्लू, सर्दी-जुकाम या खांसी और गले की समस्याएं तेजी से फैल सकती हैं। इसके अलावा पानी से होने वाली बीमारियां, जैसे डायरिया, हैजा या पीलिया की संभावना भी रहती है। वैसे तो प्रशासन संगम की स्वच्छता को लेकर प्रतिबद्ध है लेकिन इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु स्वच्छता का ध्यान रखना भूल जाते हैं। गंदे पानी में स्नान करने से त्वचा संक्रमण, खुजली या एलर्जी हो सकती है।
Mahakumbh 2025 Train Route: देशभर से प्रयागराज जाने के लिए रेलवे चला रहा कई ट्रेनें, यहां जानें क्या है रूट
हृदय रोगियों के लिए चुनौती
हृदय रोग से पीड़ित लोगों को प्रयागराज महाकुंभ में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि कुंभ मेला स्थल काफी विशाल है। पार्किंग से संगम के बीच काफी दूरी है। भीड़ और ज्यादा चलने-फिरने से हृदय रोग या उच्च रक्तचाप के मरीजों को परेशानी हो सकती है। बहुत अधिक चलने से थकावट महसूस हो सकती है। भीड़भाड़ और अव्यवस्था के कारण चोट लगने, फिसलने या दम घुटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं
महाकुंभ में स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय
- भीड़भाड़ में संक्रमण तेजी से फैलने की संभावना रहती है। ऐसे में महाकुंभ मेले को घूमने निकलें तो मास्क पहनें ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके अलावा हाथों को नियमित रूप से साबुन या सैनिटाइजर से साफ करें। अगर आपको सर्दी या जुकाम है तो केवल स्वच्छ और उबला हुआ पानी ही पिएं।
- ठंड या बुखार महसूस होने पर सर्दी से बचाव के तरीके अपनाएं। ठंडे पानी में स्नान से बचें और चिकित्सीय सलाह के मुताबिक दवाओं का सेवन करें ताकि सेहत और न बिगड़े।
- स्नान के बाद साफ और सूखे कपड़े पहनें। अधिक देर गीले कपड़ों में न रहें, वरना निमोनिया की आशंका रह सकती है। स्नान से पहले त्वचा पर नारियल या मॉइस्चराइजिंग तेल लगाएं ताकि त्वचा में एलर्जी की शिकायत न हो।
- ध्यान रखें कि सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाने से बचें। पानी की बोतल अपने साथ रखें। स्वच्छ जल का पर्याप्त मात्रा में सेवन करें।
- गर्म कपड़े पहनें। बहुत मोटे और भारी भरकम कपड़ों के बजाए ऊनी कपड़ों की कई लेयर पहनें ताकि अगर कपड़ों के कारण दम घुटने लगे या गर्मी महसूस हो तो कपड़ों की लेयर को कम किया जा सके।
- अपने शरीर की क्षमता का ध्यान रखें और जरूरत से ज्यादा न चलें। अगर आप किसी रोग या स्वास्थ्य समस्या से परेशान हैं तो जरूरी दवाएं साथ रखें और चिकित्सीय सलाह के आधार पर ही कुंभ में शामिल हों।
--------------------
नोट: यह लेख विशेषज्ञ से हुई बातचीत से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।