हम सभी अपनी इम्युनिटी सिस्टम को कैसे सुधार सकते हैं, कोविड-19 महामारी ने इस सवाल को लोगों में काफी आम बना दिया है। मजबूत इम्युनिटी सिस्टम की मदद से कई प्रकार के संक्रमण और गंभीर बीमारियों से आसानी से बचाव किया जा सकता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए जीवनशैली को ठीक रखना सबसे आवश्यक माना जाता है, इसके लिए आहार और दिनचर्या का ठीक रखना जरूरी होता है। सही खाना खाने से न केवल आपको वजन को कंट्रोल करने में मदद मिलती है साथ ही यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को भी बढ़ावा देने के लिए आवश्यक माना जाता है।
Health Tips: इम्युनिटी स्ट्रॉग होने से कई बीमारियों से मिलती है सुरक्षा, आहार में इन चीजों को जरूर करिए शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विटामिन-सी वाली चीजों का करें सेवन
विटामिन-सी को प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए सबसे आवश्यक और लाभकारी माना जाता है। ये सफेद रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को बढ़ाने में सहायक हैं, जो संक्रमण से लड़ने में आपकी मदद करती है। लगभग सभी खट्टे फल विटामिन-सी से भरपूर होते हैं। संतरे, नींबू, अनानास जैसे फलों का सेवन करना शरीर के लिए आवश्यक इस विटामिन की आसानी से पूर्ति करने के साथ इम्युनिटी को बढ़ाने और गंभीर रोगों को खतरे से बचाने में सहायक हो सकता है।
हरी-पत्तेदार सब्जियों को आहार में करें शामिल
पालक, ब्रॉकली जैसी सब्जियों को सेहत के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। ये सब्जियां एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन्स (विटामिन ए, सी, ई), खनिजों और फाइबर से भरपूर होती हैं। ये पोषक तत्व हमारे इम्यून सिस्टम की संक्रमण से लड़ने की क्षमता को बढ़ाते हैं। हरी सब्जियों के सेवन से शरीर के लिए आवश्यक ज्यादातर पोषक तत्व आसानी से प्राप्त हो सकते हैं। शोध में पाया गया है कि जो लोग हरी सब्जियों का सेवन अधिक करते हैं उनके बीमार पड़ने का खतरा कम होता है।
मसाले बढ़ाते हैं प्रतिरोधक क्षमता
भारतीय मसाले जैसे हल्दी, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी आदि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले मसाले हैं। ये आपके शरीर को शुद्ध करते हैं और आपके शरीर के रक्षा तंत्र को बढ़ाते हैं। हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन, शरीर पर एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव डालता है। करक्यूमिन को इम्युनिटी बूस्टर माना जाता और यह एंटीवायरल के रूप में भी काम करता है। इसी तरह से अन्य मसालों में भी कई ऐसे गुण देखे गए हैं जिससे शरीर को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
जरूर करें डेयरी उत्पादों का सेवन
दही, दूध, पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को विटामिन्स और प्रोटीन से भरपूर माना जाता है जो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। दही को प्रोबायोटिक्स का अच्छा स्रोत माना जाता है जो पाचन को ठीक रखने के लिए आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। कम फैट वाले किण्वित डेयरी उत्पादों का सेवन करना प्रोबायोटिक्स, प्रोटीन और विटामिन्स की पूर्ति करके प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में मददगार है। सभी लोगों को नियमित रूप से इसका सेवन करना चाहिए।
----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।