Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमण के मामले अब काफी हद तक कम हो गए हैं। एक समय था जब रोजाना चार लाख के आसपास संक्रमण के मामले आते थे, लेकिन अब यह आंकड़ा एक-सवा लाख के आसपास आ गया है। इस बीच कई दिनों से कोरोना की तीसरी लहर के आने की बात भी की जा रही है। कहा जा रहा है कि तीसरी लहर बच्चों के लिए बेहद ही खतरनाक साबित हो सकती है। हालांकि दिल्ली स्थित एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने हाल ही में यह कहा था कि इसका अभी कोई संकेत नहीं मिला है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए खतरनाक होगी। उन्होंने कहा था कि तीसरी लहर में बच्चों को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वो तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। वहीं, कई अन्य विशेषज्ञ कहते हैं कि अगर पहली और दूसरी लहर की तुलना की जाए, तो दूसरी लहर में कोरोना से संक्रमित होने वाले बच्चों का आंकड़ा लगभग दोगुना हो गया है। ऐसे में इस बात से इनकार भी नहीं किया जा सकता कि कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों में संक्रमण नहीं बढ़ सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि बच्चों का खास ख्याल रखा जाए और उनकी इम्यूनिटी को मजबूत बनाया जाए, ताकि वायरस से वो लड़ सकें। आइए जानते हैं कि बच्चों की इम्यूनिटी को कैसे बढ़ाया जा सकता है...
कोरोना की तीसरी लहर का खतरा: ऐसे बढ़ाएं बच्चों की इम्यूनिटी, रखें खास ख्याल
बच्चों को सीजनल फल-सब्जियां खिलाएं
- बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए उनके खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। उनके भोजन में सीजनल फल और सब्जियों को शामिल करें। इससे उनकी इम्यूनिटी को और भी मजबूती मिलेगी। चूंकि फिलहाल गर्मी का मौसम है, ऐसे में आप बच्चों को आम, अमरूद, आंवला, ब्रोकली आदि चीजें खिला सकते हैं।
खिला सकते हैं अचार-चटनी
- बच्चों को आप आंवला और नींबू आदि की चटनी या अचार खिला सकते हैं या फिर मुरब्बा भी दिया जा सकता है। बच्चों को खट्टी-मीठी चीजें अधिक पसंद आती हैं। इससे उनकी इम्यूनिटी को भी मजबूती मिलेगी।
समय पर नाश्ता और खाना खिलाएं
- बच्चों की इम्यूनिटी को मजबूती तभी मिलेगी, जब उन्हें नाश्ते से लेकर खाने तक, सबकुछ समय पर मिले। समय पर खाना और हेल्दी खाना सिर्फ बच्चे ही नहीं, बल्कि सभी के लिए जरूरी होता है। इससे शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलती है। बच्चों को आप नाश्ते में मैगी, पास्ता जैसी चीजें देने की बजाय घर पर बनी चीजें खिलाएं। आप उन्हें घी या गुड़ के साथ रोटी, ताजी हरी पत्तेदार सब्जी और हलवा आदि खिला सकते हैं।
दाल भी है जरूरी
- दाल एक एसा आहार है, जो पौष्टिक होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी होता है। यह प्रोटीन, विटामिन और खनिज से भरपूर होता है। इसलिए बच्चों को रोजाना दाल जरूर खिलाना चाहिए। इससे न सिर्फ शरीर को ऊर्जा मिलती है, बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी भी मजबूत होती है।
नोट: डॉ. राजन गांधी अत्यधिक योग्य और अनुभवी जनरल फिजिशियन हैं। इन्होंने कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस पूरा किया है। इसके बाद इन्होंने सीएच में डिप्लोमा पूरा किया। फिलहाल यह उजाला सिग्नस कुलवंती अस्पताल, कानपुर में मेडिकल डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर काम कर रहे हैं। यह आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आजीवन सदस्य भी हैं। डॉ. राजन गांधी को इस क्षेत्र में 25 साल का अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।