नींद न आने की समस्या को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सेहत के लिए काफी गंभीर मानते हैं। अध्ययनों में अनिद्रा को कई तरह की बीमारियों को बढ़ाने वाले कारक के तौर पर भी बताया गया है। जिन लोगों को रात में अच्छी नींद प्राप्त करने में कठिनाई होती है, ऐसे लोगों में हृदय रोग, डायबिटीज का जोखिम बढ़ने के साथ प्रतिरक्षा प्रणाली में कमजोरी होने की समस्या का खतरा अधिक होता है। यही कारण है कि सभी लोगों को रोजाना रात में 6-8 घंटे की निर्बाध नींद लेने की सलाह दी जाती है। पर कुछ लोगों को लिए यह काफी कठिन कार्य रहा है।
Health Tips: स्लीप हार्मोन बढ़ाने में सबसे असरदार है इन चीजों का सेवन, दूर होगी नींद न आने की समस्या
मेलाटोनिन हार्मोन के बारे में जानिए
मेलाटोनिन ऐसा हार्मोन है जो आपका मस्तिष्क, अंधेरे की प्रतिक्रिया में पैदा करता है। यह आपके सर्कैडियन रिदम को ठीक रखने और अच्छी नींद प्राप्त करने में मदद करता है। रात में प्रकाश के संपर्क में आने से मेलाटोनिन का उत्पादन अवरुद्ध हो सकता है।
शोध बताते हैं कि मेलाटोनिन, नींद के अलावा भी शरीर में कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए जिम्मेदार माना जाता है। आइए जानते हैं कि किस तरह के आहार का सेवन करके इस हार्मोन को बढ़ावा दिया जा सकता है?
मछली खाने से मिलता है लाभ
जिन लोगों को अक्सर नींद न आने की समस्या बनी रहती है या फिर जिन लोगों में मेलाटोनिन की कमी की निदान किया जाता है, ऐसे लोगों के लिए मछली का सेवन करना काफी फायदेमंद हो सकता है। ऑयली फिश जैसे सैल्मन और सार्डिन में ओमेगा-3 फैटी एसिड के साथ कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो मेलाटोनिन हार्मोन के उत्पादन को बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए मछलियों के सेवन को अध्ययन में लाभकारी बताया गया है।
दूध जरूर पिएं
दूध को कैल्शियम के सबसे अच्छे स्रोत के तौर पर जाना जाता है, जो हड्डियों को स्वस्थ रखने के साथ शरीर के लिए कई अन्य प्रकार से भी लाभकारी हो सकता है। पर क्या आप जानते हैं कि दूध पीने से नींद अच्छी आती है। अध्ययनों में पाया गया है कि गाय का दूध मेलाटोनिन का समृद्ध स्रोत है जो अच्छी नींद प्राप्त करने में आपके लिए सहायक हो सकता है। इससे अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए दूध में हल्दी मिलाकर सेवन करना ज्यादा लाभकारी हो सकता है।
सूखे मेवे करेंगे आपकी मदद
नट्स को संपूर्ण शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक माना जाता है। बादाम और पिस्ता जैसे सूखे मेवे मेलाटोनिन से भरपूर होते हैं। इसमें मैग्नीशियम की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है जो रात में बेहतर नींद प्राप्त करने में आपके लिए काफी सहायक है। सूखे मेवे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत को फिट बनाए रखने के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।