शरीर फिट रहे और बीमारियों से बचा रहे इसके लिए सबसे जरूरी है कि आपकी इम्युनिटी मजबूत रहे। पर क्या आप जानते हैं कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कैसे मजबूत किया जा सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि आप आहार और दिनचर्या में जरूरी बदलाव कर लें।
Health Tips: मजबूत इम्युनिटी के लिए जान लीजिए रामबाण नुस्खा, भोजन की थाली में जरूर होनी चाहिए ये चार चीजें
एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर मसाले
भारतीय मसाले जैसे हल्दी, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी आदि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले मसाले हैं। ये आपके शरीर को शुद्ध करते हैं और आपके शरीर के रक्षा तंत्र को बढ़ाते हैं। हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन, शरीर पर एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव डालता है। करक्यूमिन को इम्युनिटी बूस्टर माना जाता और यह एंटीवायरल के रूप में भी काम करता है।
डेयरी उत्पादों का सेवन जरूरी
आपके आहार में डेयरी उत्पाद जरूर होने चाहिए। दही, दूध, पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को विटामिन्स और प्रोटीन से भरपूर माना जाता है जो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। दही को प्रोबायोटिक्स का अच्छा स्रोत माना जाता है जो पाचन को ठीक रखने के लिए आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। सभी लोगों को नियमित रूप से इसका सेवन करना चाहिए।
रोजाना खाएं दो खट्टे फल
लगभग सभी खट्टे फल विटामिन-सी से भरपूर होते हैं। संतरे, नींबू, अनानास जैसे फलों का सेवन करना शरीर के लिए आवश्यक इस विटामिन की आसानी से पूर्ति करने के साथ इम्युनिटी को बढ़ाने और गंभीर रोगों को खतरे से बचाने में सहायक हो सकता है। विटामिन-सी को प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए सबसे आवश्यक और लाभकारी माना जाता है। ये सफेद रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को बढ़ाने में सहायक है, जो संक्रमण से लड़ने में आपकी मदद करती है।
हरी-पत्तेदार सब्जियों के लाभ
पालक, ब्रोकली जैसी सब्जियों को सेहत के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। ये सब्जियां एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन्स (विटामिन ए, सी, ई), खनिजों और फाइबर से भरपूर होती हैं। ये पोषक तत्व हमारे इम्यून सिस्टम की संक्रमण से लड़ने की क्षमता को बढ़ाते हैं। हरी सब्जियों के सेवन से शरीर के लिए आवश्यक ज्यादातर पोषक तत्व आसानी से प्राप्त हो सकते हैं। शोध में पाया गया है कि जो लोग हरी सब्जियों का सेवन अधिक करते हैं उनके बीमार पड़ने का खतरा कम होता है।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।