तमाम अध्ययनों में आप सुन चुके होंगे कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए फैट वाली चीजों का सेवन कम करना चाहिए। वहीं जिन लोगों का वजन अधिक होता है, उन्हें विशेषरूप से फैट युक्त आहार से परहेज करने की सलाह दी जाती है। पर क्या वास्तव में वसा शरीर के लिए बहुत नुकसानदायक है? क्या शरीर को वसा की आवश्यकता बिल्कुल भी नहीं होती है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यह सोच गलत है, जिस तरह से शरीर के लिए अन्य पोषक तत्वों का सेवन आवश्यक होता है, उसी तरह से वसा भी शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों में से एक है। जोड़ों को चिकनाई प्रदान करने से लेकर शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रबंधित करने तक वसा बेहद आवश्यक भूमिका मिभाता है। हालांकि इसका सेवन संयमित मात्रा में किया जाना चाहिए।
अलर्ट: शरीर के लिए सिर्फ नुकसानदायक ही नहीं, जरूरी भी है वसा का सेवन, ये चीजें हैं अच्छा स्रोत
स्वस्थ वसा और अस्वस्थ वसा में क्या अंतर है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वसा मुख्यरूप से दो प्रकार के होते हैं- संतृप्त वसा और ट्रांस वसा। हार्वर्ड विश्वविद्यालय के अध्ययन के अनुसार संतृप्त वसा शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। साल 2015 में अध्ययनों की समीक्षा के दौरान वैज्ञानिकों ने संतृप्त वसा को हृदय रोगों से जोड़कर बताया था। शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि आहार में संतृप्त वसा की जगह पॉलीअनसेचुरेटेड वसा का सेवन करके हृदय रोग के जोखिम को कम किया जा सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं, कि स्वस्थ वसा के लिए किन आहार का सेवन किया जा सकता है?
चिया सीड हो सकती हैं अच्छा विकल्प
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं चिया सीड कई प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। करीब 28 ग्राम चिया सीड से 8.71 ग्राम स्वस्थ वसा प्राप्त किया जा सकता है।, जिसमें से अधिकांश ओमेगा-3 फैटी एसिड से बने होते हैं। वास्तव में चिया बीज ओमेगा-3 के सर्वोत्तम आहारों में से एक माना जा सकता है। साल 2014 में किए गए एक अध्ययन से पता चलता है कि चिया सीड के आटे का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को कम करने में काफी मदद मिल सकती है।
डार्क चॉकलेट खाने से मिल सकता है लाभ
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक डार्क चॉकलेट को स्वस्थ वसा का अच्छा स्रोत माना जा सकता है। डार्क चॉकलेट में करीब 11 फीसदी फाइबर होता है और इससे आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर और मैंगनीज का दैनिक आवश्यकताओं का 50 फीसदी प्राप्त किया जा सकता है। डार्क चॉकलेट फ्लेवोनोइड एंटीऑक्सिडेंट से भी समृद्ध माने जाते हैं। एक परीक्षण से पता चलता है कि कोको पाउडर में ब्लूबेरी पाउडर की तुलना में और भी अधिक एंटीऑक्सिडेंट होते हैं।
अंडे भी हैं सेहत के लिए फायदेमंद
स्वास्थ्य विशेषज्ञ वैसे को पूरे अंडे के सेवन को अस्वस्थ मानते हैं, इसका कारण है कि इसकी जर्दी में कोलेस्ट्रॉल और वसा की मात्रा अधिक होती है। एक अंडे में 212 मिलीग्राम तक कोलेस्ट्रॉल हो सकता है। हालांकि हालिया अध्ययन में वैज्ञानिक कहते हैं अंडे में मौजूद कोलेस्ट्रॉल, रक्त में कोलेस्ट्रॉल को प्रभावित नहीं करता है। अंडे का सेवन प्रोटीन के मामले में बेहतर माना जाता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
Good Fats, Bad Fats, and Heart Disease
अस्वीकरण नोट: यह लेख तमाम मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।