हाई ब्लड प्रेशर, मौजूदा समय की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। इसे हृदय रोग, हार्ट अटैक से लेकर स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का प्रमुख कारण माना जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि कम उम्र के लोगों में भी ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ती देखी जा रही है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) का जोखिम हो सकता है।
Hypertension Risk: विशेषज्ञों की सलाह- इस एक आदत में सुधार से 40% तक कम कर सकते हैं हाई ब्लड प्रेशर का खतरा
कम कर लें सोडियम की मात्रा
चीनी वैज्ञानिकों द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन में पाया गया कि आहार में नमक की मात्रा अगर कम कर ली जाए या फिर टेबल स्लॉट की जगह पर इसके स्वस्थ विकल्पों को शामिल किया जाए तो इससे उच्च रक्तचाप की घटनाओं में 40 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नमक की जगह पर इसके सब्सटीट्यूट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा आहार में उन चीजों को अधिक शामिल करना चाहिए जिसमें पोटेशियम की मात्रा होती है।
सोडियम से ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है, जबकि पोटेशियम से ब्लड प्रेशर और रक्त वाहिकाओं को आराम मिलता है।
ज्यादा नमक बढ़ा सकती है क्त वाहिका की दीवार पर दबाव
ब्लड प्रेशर, यूके की रिपोर्ट कहती है, आहार में नमक की अधिक मात्रा रक्त वाहिकाओं की दीवार पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाने लगती है, जिससे रक्तचाप बढ़ जाता है। जिन लोगों को पहले से ही उच्च रक्तचाप की समस्या है, उनके लिए नमक का अधिक सेवन इन जटिलताओं का और अधिक बढ़ाने वाली हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में नमक की मात्रा कम करना आपके रक्तचाप को कंट्रोल रखने के सबसे सरल तरीकों में से एक है, ये आपको हृदय रोगों से भी सुरक्षा देने में सहायक है।
अधिक नमक के कई नुकसान
अध्ययनकर्ता बताते हैं, नमक का अधिक सेवन सिर्फ हृदय रोगों को ही नहीं बढ़ाता है, इससे स्ट्रोक, किडनी की बीमारी और डिमेंशिया जैसी न्यूरोलॉजिकल स्वास्थ्य समस्याओं का भी खतरा रहता है। हम जो सोडियम खाते हैं उसका अधिकांश हिस्सा उन खाद्य पदार्थों में छिपा हो सकता है जिन्हें हम बाजार से खरीद कर लाते हैं जैसे चिप्स, नमकीन और सॉस आदि। इसलिए जरूरी है भोजन में मिलाए जाने वाले नमक के साथ इन चीजों के सेवन को भी कम करने पर ध्यान देना चाहिए।
कैसे रखें ब्लड प्रेशर कंट्रोल?
ब्लड प्रेशर कैसे कंट्रोल रखें और हृदय रोगों से कैसे बचा जा सकता है, इसके लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वयस्कों को प्रतिदिन 1500-2000 मिलीग्राम से अधिक की मात्रा में सोडियम का सेवन नहीं किया जाना चाहिए। नमक की जगह पर इसके स्वस्थ विकल्पों का सेवन किया जा सकता है। अधिक नमक से बचने के लिए बाजार से लाई जाने वाली चीजों के रैपर पर सोडियम की मात्रा चेक करें। इसके अलावा खूब पानी पीने से भी अतिरिक्त सोडियम को शरीर से बाहर निकालने में मदद मिल सकती है।
---------------
स्रोत और संदर्भ
Salt and your blood pressure
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।