हार्ट अटैक दुनियाभर में हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण बनता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के मुताबिक इससे हर साल लगभग 95 लाख लोगों की मौत हो जाती है, ये दुनियाभर में होने वाली कुल मौतों का लगभग 16% है।
जानना जरूरी: पेट में दर्द और मितली कब हो सकता है हार्ट अटैक का संकेत? महिलाओं में ये लक्षण बहुत कॉमन
Heart Attack in Women: हार्ट अटैक का दर्द हमेशा सिर्फ सीने में नहीं होता। खासकर महिलाओं में हार्ट अटैक में पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, मितली, सांस फूलने, पसीना और चक्कर जैसे लक्षण दिख सकते हैं। इन्हें गैस या अपच समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। ऐसे संकेतों के साथ तुरंत इमरजेंसी मदद लेना जरूरी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हार्ट अटैक के कारण पेट से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसमें लोगों को जी मिचलाने, उल्टी और पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती हैं, जिनपर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत होती है।
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द
हार्ट अटैक तब होता है जब दिल की मांसपेशियों तक खून और ऑक्सीजन पहुंचाने वाली रक्त वाहिका में रुकावट आ जाती है। इसका सबसे जाना-पहचाना संकेत सीने में दबाव या दर्द है, लेकिन दर्द हमेशा सिर्फ सीने तक सीमित नहीं रहता।
- कई बार हार्ट अटैक की स्थिति में पेट के ऊपरी हिस्से में भी दर्द महसूस हो सकती है। यह दर्द पीठ, गर्दन, जबड़े, कंधे या हाथ तक भी फैल सकता है।
- पेट की इन समस्याओं को अक्सर लोग गैस, एसिडिटी या अपच समझ लेते हैं।
- अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के विशेषज्ञ कहते हैं, पेट में दर्द या मितली के साथ सीने में दिक्कत हो रही हो तो इसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
महिलाओं में हार्ट अटैक के दौरान पेट के लक्षण
अध्ययनों से पता चलता है कि महिलाओं में जी मिचलाने, अपच और पेट के ऊपरी हिस्से में दबाव महसूस होने जैसी पेट की समस्याएं हार्ट अटैक के आम लक्षण हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
- महिलाओं में हार्ट अटैक के दौरान सीने में दर्द की समस्या आम है, लेकिन कुछ महिलाओं में लक्षण अलग तरह के हो सकते हैं।
- इनमें पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, मितली-उल्टी, सांस फूलने, असामान्य थकान, चक्कर आने, पसीना जैसी समस्याएं हो सकती है।
- यही वजह है कि कई महिलाएं इन लक्षणों को गैस, अपच, एसिडिटी या सामान्य थकान मान लेती हैं।
- अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के विशेषज्ञ महिलाओं में हार्ट अटैक कभी-कभी बिना तेज सीने के दर्द के भी सामने आ सकता है। ऐसे में इसके दूसरे लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
हर पेट दर्द हार्ट अटैक नहीं होता
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यह भी समझना जरूरी है कि पेट दर्द होने का मतलब हार्ट अटैक नहीं है। गैस, एसिडिटी, अपच और पेट से जुड़ी कई दूसरी समस्याएं भी ऐसे लक्षण पैदा कर सकती हैं। समस्या यह है कि कुछ मामलों में हार्ट अटैक और गंभीर एसिडिटी के लक्षण एक जैसे महसूस हो सकते हैं।
- इसलिए अगर दर्द अचानक हुआ है, लगातार बना हुआ है या उसके साथ सांस फूलने, पसीना, मितली, चक्कर या शरीर के ऊपरी हिस्सों में दर्द जैसे संकेत हैं, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।
- डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल, धूम्रपान या पहले से हृदय रोग का जोखिम वाले लोगों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।