शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए शारीरिक सक्रियता बहुत आवश्यकता होती है। नियमित रूप से साइकिल चलाना गतिहीन जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करने के सर्वोत्तम तरीकों में से एक है। साइकिलिंग, कई तरह से सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। यह पर्यावरण प्रदूषण को कम करने से लेकर यातायात को आसान बनाने तक के लिए लाभदायक हो सकता है। इतनी ही नहीं कई प्रकार के स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने के लिए भी साइकिलिंग के अभ्यास को स्वास्थ्य विशेषज्ञ काफी कारगर मानते हैं।
Cycling Benefits: डायबिटीज-हृदय रोग जैसे गंभीर खतरों से बचाव के लिए कारगर है यह तरीका, रोजाना बस 30 मिनट के अभ्यास से पाइए लाभ
हृदय रोग का खतरा होता है कम
अध्ययनों से पता चलता है शारीरिक निष्क्रियता, हृदय रोग, स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप और दिल के दौरे के जोखिम को बढ़ा देता है। नियमित रूप से साइकिलिंग करना इसमें आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। यह अभ्यास आपके हृदय, फेफड़े को उत्तेजित करने के साथ रक्त परिसंचरण को बेहतर बनाता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है। 20 से 93 वर्ष की आयु वाले 30,000 लोगों के साथ 14 वर्षों में किए गए एक डेनिश अध्ययन में पाया गया कि नियमित साइकिल चलाने वाले लोगों को हृदय रोगों का खतरा कम होता है।
वजन को नियंत्रित करने में सहायक
वजन को नियंत्रित करने या कम करने के लिए भी साइकिल चलाना एक अच्छा तरीका है। यह आपके मेटाबॉलिक रेट को बढ़ाने के साथ, मांसपेशियों के निर्माण में मदद करता है। नियमित साइकिलिंग करने को कैलोरी बर्न करने का सबसे कारगर तरीका माना जाता है। शोध बताते हैं कि साइकिलिंग के माध्यम से एक सप्ताह में कम से कम 2,000 कैलोरी तक बर्न किया जा सकता है। ब्रिटिश शोध से पता चलता है कि हर दिन आधे घंटे की साइकिलिंग करने से एक वर्ष में लगभग पांच किलोग्राम तक फैट बर्न किया जा सकता है।
साइकिलिंग के इन फायदों के बारे में भी जानिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, नियमित साइकिलिंग करना हृदय रोग के खतरे को कम करने के साथ वजन को नियंत्रित करने के अलावा कई अन्य तरह से भी लाभदायक हो सकता है। इससे होने वाले इन स्वास्थ्य लाभ के बारे में भी जानिए।
- कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस में वृद्धि।
- मांसपेशियों की ताकत और लचीलेपन में वृद्धि।
- तनाव के स्तर में कमी आती है।
- बेहतर शारीरिक मुद्रा और समन्वय बनाता है।
- हड्डियां मजबूत होती हैं।
- शरीर में फैट के स्तर में कमी आती है।
- मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के लिए भी लाभदायक।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।