कोरोना महामारी के प्रकोप को बढ़ते देख लोग बचाव के लिए अब सर्जिकल दस्ताने पहनने लगे हैं। लोग मास्क और दस्ताने पहनकर जरूरी चीजें लेने बाहर निकल रहे हैं। ऐसा कर के सोच रहे हैं कि वे इस महामारी से सुरक्षित रहेंगे, लेकिन यह काफी नहीं है। ब्रिटेन के नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) के सर्जन डॉ. करन रंगराजन के मुताबिक दस्ताने की आदत भी उनके लिए खतरा हो सकती है। डॉ. करन रंगराजन ने सोशल मीडिया के जरिये लोगों को जानकारी दी है और अपील की है कि वे इस भ्रम में न रहें कि उन्होंने दस्ताना पहना है तो वायरस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। उनके ऐसा कहने के पीछे सभी के स्वास्थ्य के प्रति उनकी चिंता है। उन्होंने इसके कई सारे तर्क भी दिए हैं।
दस्ताने पहनने के खतरे भी हैं, वायरस से बचने के लिए हाथ धोते रहना ज्यादा बेहतर: विशेषज्ञ
डॉ. करन बताते हैं कि लोग उसी हाथ से फल, सब्जी, दूध और दूसरी चीजों को छूते या उठाते हैं। इसके बाद दस्ताने पहने हुए हाथ से मास्क को या चेहरे को जाने-अनजाने में छूते हैं। इससे बाजार से वायरस को घर लाने का खतरा भी दोगुना हो जाता है। वायरस के सबसे बड़े वाहक आप हो सकते हैं। इसलिए सबसे अच्छा तरीका है कि कहीं भी जाएं तो घर वापस आने पर सबसे पहले हाथों को अच्छे से धोएं तभी कोई दूसरा काम करें। इसी से बचाव संभव है।
अगर दस्ताने बदलेंगे तब भी उसे छुएंगे, संक्रमण का खतरा
डॉ. रंगराजन बताते हैं कि खाली हाथ कहीं जाते हैं तो हाथ धुलने से काम चल जाएगा। दस्ताने पहनकर आप जाते हैं तो वायरस उसमें चिपक सकता है। साथ ही जब आप अपना दस्ताना निकालेंगे या हटाएंगे तब भी दूसरे हाथ की मदद लेंगे, जिससे वायरस के संपर्क में आ सकते हैं। इसलिए हाथ से वायरस फैलने का खतरा अधिक है तो उसे ढके नहीं। नियमित साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक अच्छे से धोएं।
बच्चों को घुमाने के लिए बाहर न निकालें
लॉकडाउन के बीच बच्चे का मन बहलाने के लिए उसे बाहर घुमाने लेकर बिलकुल न जाएं। कुछ जरूरी चीजें खरीदने जा रहे हैं तो उन्हें स्टोर में लेकर न जाएं क्योंकि वो इधर-उधर हाथ लगाएगा और खुद के लिए खतरा बढ़ाएगा। घर में उसकी देखभाल के लिए कोई न हो तभी लेकर जाएं लेकिन सावधानी बरतें।
दस्ताने पहनने की अपेक्षा हाथ धोते रहने को बेहतर बताते हुए डॉ. करन की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। लोग उनकी वीडियो शेयर करते हुए एहतियात बरतने की अपील कर रहे हैं।
Dr Karan Rangarajan makes a excellent point on why wearing disposable gloves when outside is pointless against #COVID19 #StaySafe pic.twitter.com/RXDukq2ztk