भागदौड़ भरी जिंदगी और व्यस्त दिनचर्या के चक्कर में लोग अपनी सेहत को नजरअंदाज करते हैं। लगभग 70 फीसदी लोग पेट में गैस और कब्ज की समस्या से परेशान हैं। गैस के कारण पेट दर्द, सिर दर्द होने लगता है। इस परेशानी से राहत पाने के लिए आमतौर पर लोग घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। कोई गर्म पानी में हींग तो कोई अजवाइन और काला नमक मिलाकर लेता है। इस नुस्खे से परेशानी उस वक्त तो ठीक हो जाती है, लेकिन अगर आप पेट की इस समस्या का हमेशा के लिए समाधान चाहते हैं तो इन बातों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है।
कब्ज और गैस की समस्या से निजात दिलाएंगे ये घरेलू उपाय, आज ही आजमाएं
बाहर का खाना या फिर जंक फूड से करें परहेज
अगर आप काम की व्यस्तता की वजह से बाहर का खाना खाने के लिए मजबूर हैं तो कम से कम स्पाइसी फूड को खाने से बचें। ऐसा इसलिए क्योंकि बाहर का खानो पौष्टिक नहीं होता, ना ही वे साफ-सफाई के साथ बनाया जाता है। इसके अलावा इनमें ऑयल और मसाले बहुत ज्यादा इस्तेमाल किए जाते हैं जिस वजह से इन्हें पचाने में दिक्कत होती है। जितना संभव हो घर का बना खाना खाएं।
दवाइयां
अनावश्यक दवाइयों का सेवन सेहत के लिए हानिकारक होता है। अगर आप जरूरत से ज्यादा एंटीबायोटिक दवाइयां लेते हैं, तो यह भी एक वजह है पेट में गैस बनने की। दरअसल, इन दवाइयों के दुष्प्रभाव के चलते पेट की पाचन शक्ति दुरुस्त रखने वाले 'गुड बैक्टीरिया' की तादाद कम हो जाती है। इस वजह से खाना पूरी तरह पच नहीं पाता। पेट साफ ना होने के चलते गैस्ट्रिक से जूझना पड़ता है, इसलिए जरूरी है कि बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा का सेवन न करें।
खाना खूब चबाकर खाएं
दिनभर की भागदौड़ के बाद जल्दबाजी में लोग अक्सर बिना अच्छी तरह चबाए ही खाना निगल जाते हैं। इससे आंतों को खाना पचाने में काफी वक्त लगता है। कई बार ऐसे में पेट में गैस बनने लगती है, इसलिए जरूरी है कि जब भी खाना खाएं अच्छे से चबा-चबाकर ही खाएं।
खाने के तुरंत बाद बैठे नहीं
खाना खाने के तुरंत बाद कभी भी बैठना नहीं चाहिए। रात में घर पर डिनर करने के बाद थोड़ा चल लेना चाहिए। दिन में ऑफिस में होते हैं, तो ऐसी स्थिति में थोड़ा सा सीढ़ियों पर चल लें। ऐसा करने से शरीर में रक्त का संचार बढ़ेगा और खाने को पचने में मदद मिलेगी।
नोटः यह लेख आपकी जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किया गया है। यदि किसी बीमारी के पेशेंट हैं तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।