शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए रोजाना आहार में उन चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए जिनसे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरत को आसानी से पूरा किया जा सके। महिलाओं के लिए आहार की पौष्टिकता पर ध्यान देना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं में कई प्रकार के विटामिन्स और खनिजों की कमी होने की मामले अधिक देखे जाते रहे हैं। विशेषकर भारतीय महिलाओं में आयरन और प्रोटीन की कमी वर्षों से बड़ी समस्या रही है। इससे शरीर में कई प्रकार की बीमारियों के विकसित होने का खतरा बढ़ जाता है।
National Nutrition Week: हर महिला के आहार में जरूर होने चाहिए ये पोषक तत्व, कई बीमारियों से मिलेगी सुरक्षा
आयरन वाली चीजों का सेवन
आहार विशेषज्ञों के मुताबिक सभी महिलाओं को रोजाना भोजन में उन चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए जिनसे शरीर के लिए आवश्यक आयरन की मात्रा की पूर्ति की जा सके। यह स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो ऊर्जा के स्तर में सुधार करने, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने और मांसपेशियों के कार्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। यह शरीर में ऑक्सीजन के संतुलन को भी बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक है। आयरन के लिए मांस, मछली, पालक, डेयरी उत्पादों का सेवन फायदेमंद है।
विटामिन बी-12 वाली चीजें
विटामिन बी-12, सभी महिलाओं के लिए अति आवश्यक है। यह मस्तिष्क के कार्य को बेहतर बनाए रखने के साथ ऊर्जा के स्तर और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के लिए भी आवश्यक है। यह रक्त कोशिकाओं के निर्माण और तंत्रिका तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने वाला पोषक तत्व है। अक्सर महिलाओं में विटामिन बी-12 की कमी देखी जाती रही है। विटामिन बी-12 की पूर्ति के लिए पालक, चुकंदर, आलू, मशरूम, मांस, मछली आदि का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
प्रोटीन की आवश्यकता
प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों को मजबूती देने और कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने वाला माना जाता है। प्रोटीन, शरीर के लिए महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत है। पर्याप्त प्रोटीन का सेवन महिलाओं में दिल के दौरे और कोरोनरी रोगों के जोखिम को कम कर सकता है। दैनिक रूप से आहार में प्रोटीन वाली चीजों को जरूर शामिल करें। इसके लिए दूध, दही, अंडे, सोयाबीन, मूंगफली, चिकन आदि का सेवन किया जा सकता है।
कैल्शियम बहुत जरूरी
कैल्शियम महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों में से एक है। यह हड्डियों को स्वस्थ रखने और गठिया के खतरे को कम करने में मदद करता है। महिलाओं में गठिया की समस्या काफी अधिक देखी गई है। इसके अलावा हृदय स्वास्थ्य को बेहतर रखने और तंत्रिका तंत्र की कार्यप्रणाली को ठीक रखने में भी कैल्शियम वाली चीजों का सेवन करना जरूरी है। कैल्शियम के लिए दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद, सोयाबीन, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना आवश्यक माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।