हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए कैल्शियम कितना जरूरी है, हम सभी इससे परिचित हैं। यह न सिर्फ हड्डियों और दांतों को मजबूती देता है, बल्कि मांसपेशियों को स्वस्थ रखने, नसों के जरिए संदेश पहुंचाने और खून के थक्के बनने जैसी प्रक्रियाओं में भी अहम भूमिका निभाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई लोगों को पर्याप्त कैल्शियम लेने के बावजूद शरीर को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता? इसकी वजह विटामिन डी की कमी, खानपान की कुछ आदतें और शरीर में पोषक तत्वों का ठीक से अवशोषण न होना हो सकता है।
बोन हेल्थ: चाय-कॉफी से लेकर नमक तक, ये चीजें शरीर से सोख लेती हैं सारा कैल्शियम
कैल्शियम हड्डियों, दांतों और मांसपेशियों के लिए जरूरी है। विटामिन डी की कमी, जरूरत से ज्यादा नमक और कैफीन, कम कैल्शियम वाला खानपान और अत्यधिक शराब हड्डियों की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए सिर्फ कैल्शियम वाली चीजें खाना काफी नहीं है, ये भी ध्यान दें कि इसका अवशोषण सही से होता रहे और कैल्शियम शरीर से बाहर न निकलने पाए।
विटामिन डी का रखें ध्यान
कैल्शियम हड्डियों तक पहुंचने और उनको स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए जरूरी है, लेकिन शरीर को भोजन से कैल्शियम अवशोषित करने में विटामिन-डी की जरूरत होती है। अगर शरीर में विटामिन-डी की कमी है, तो पर्याप्त कैल्शियम वाली चीजें खाने के बावजूद उसका अवशोषण प्रभावित हो सकता है।
- धूप विटामिन-डी बनाने में मदद करती है, जबकि कुछ खाद्य पदार्थों और फोर्टिफाइड उत्पादों से भी यह मिल सकता है। अगर आपमें विटामिन-डी की कमी है तो इस बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
खाने में जरूरत से ज्यादा नमक तो नहीं?
अगर आप रोजाना बहुत ज्यादा नमक खाते हैं, तो यह आपकी हड्डियों की सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। अधिक मात्रा में सोडियम लेने से पेशाब के जरिए कैल्शियम का उत्सर्जन बढ़ जाता है। इसलिए चिप्स, नमकीन, अचार और ज्यादा नमक वाले पैकेज्ड फूड का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। इसी तरह, बहुत अधिक कैफीन लेने से कैल्शियम के अवशोषण पर असर पड़ सकता है।
कैल्शियम से भरपूर चीजें खाना जरूरी
कई लोग सोचते हैं कि कैल्शियम की कमी केवल गलत आदतों से होती है, जबकि इसकी एक बड़ी वजह डाइट में कैल्शियम युक्त चीजों की कमी हो सकती है। अगर आपकी डाइट में दूध-दही, पनीर,तिल, सोया और कुछ हरी सब्जियां नहीं हैं तो इससे कैल्शियम की कमी का खतरा बढ़ सकता हैं।
- विविधता वाली डाइट अपनाना शरीर के लिए जरूरी अधिकतर पोषक तत्वों की पूर्ति में मदद करता है। कैल्शियम की जरूरत के अनुसार डॉक्टर सप्लीमेंट लेने की भी सलाह दे सकते हैं।
धूम्रपान और शराब से भी खतरा
धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन हड्डियों पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। ये आदतें हड्डियों के निर्माण और टूटने के संतुलन को प्रभावित कर देती हैं और समय के साथ हड्डियों के कमजोर होने का खतरा बढ़ा सकती हैं। अगर शरीर को पर्याप्त कैल्शियम और विटामिन डी नहीं मिल रहा है, तो जोखिम और बढ़ सकता है।
- हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए धूम्रपान और शराब दोनों से बचना जरूरी है।
- इसके अलावा नियमित रूप से पैदल चलने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार वजन उठाने वाले व्यायाम करने की आदत बनाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: ये रूपायन में प्रकाशित कंटेट है। अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।