खजूर को बेहद स्वास्थ्यवर्धक सूखे मेवों में से एक माना जाता है। प्राकृतिक रूप से मिठास युक्त खजूर, पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है जिससे सेहत को कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं। थकान और कमजोरी जैसी समस्याओं को दूर करने, शरीर को ऊर्जा देने के साथ इसका सेवन शरीर में रक्त की मात्रा को बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है। इसे फाइबर, पोटैशियम और कॉपर जैसे तत्वों से भरपूर माना जाता है जिसकी हमारे शरीर को बेहतर ढंग से काम करते रहने के लिए रोजाना जरूरत होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना आहार में इस ड्राई फ्रूट को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं।
Health Tips: खजूर के ये गुण बनाते हैं इसे बेहद लाभकारी, ऊर्जा और खून बढ़ाने में इसके सेवन से मिलता है फायदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खूजर में एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को आहार में एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा बढ़ाने की सलाह देते हैं, ऐसे में खजूर का सेवन करना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। एंटीऑक्सीडेंट्स, आपकी कोशिकाओं को मुक्त कणों से बचाते हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। अंजीर और सूखे प्लम जैसे अन्य सूखे मेवों की तुलना में खजूर में अधिक मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट सामग्री होती है। खजूर में फ्लेवोनाइड जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो सूजन को कम करने में सहायक हैं, इससे मधुमेह के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है।
खजूर में फाइबर की मात्रा
आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त फाइबर मात्रा में खजूर का सेवन करना लाभकारी होता है। शोध के मुताबिक 100 ग्राम की मात्रा में खजूर के सेवन से 7 ग्राम फाइबर प्राप्त होता है। फाइबर कब्ज को कम करने के साथ आपके पाचन स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाता है। यह नियमित मल त्याग को बढ़ावा देता है, जिससे पाचन से संबंधित कई प्रकार की बीमारियों का जोखिम कम होता है। फाइबर वाली अन्य चीजों को भी आहार में जरूर शामिल करें।
हड्डियों के लिए फायदेमंद है खजूर
खजूर में फास्फोरस, कैल्शियम और मैग्नीशियम सहित कई खनिज होते हैं, जिन्हें ऑस्टियोपोरोसिस जैसी हड्डियों से संबंधित बीमारियों के जोखिम से बचाने वाला पाया गया है। अध्ययनों में पाया गया है कि खजूर खाने से हड्डियों के घनत्व से संबंधित समस्याओं का जोखिम कम होता है। इसके नियमित सेवन करने वाले लोगों में आर्थराइटिस जैसे विकारों के विकसित होने का जोखिम कम होता है।
ब्लड शुगर को करता है कंट्रोल
खजूर प्राकृतिक रूप से मीठे होते हैं, पर इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, ऐसे में अध्ययनों में इसे डायबिटीज की समस्याओं के जोखिम को कम करने वाला सूखा मेवा माना जाता है। खूजर चूंकि फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है ऐसे में इसके सेवन से मधुमेह की जटिलताओं को कम करने में मदद मिल सकती है। मधुमेह में इसके सेवन से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।