आज की डिजिटल दुनिया में इयरफोन या इयरबड हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। चाहे संगीत सुनना हो, ऑनलाइन मीटिंग्स अटेंड करना हो या फिर गेमिंग करना हो इयरफोन का उपयोग हर उम्र के लोग कर रहे हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि इयरफोन का अत्यधिक और गलत इस्तेमाल आपके कानों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है?
Ear Care: इतने घंटे से ज्यादा लगाते हैं इयरफोन तो रहता है बहरेपन का खतरा, इन बातों का रखें ध्यान
Ear Care: हेडफोन का लगातार इस्तेमाल आपके कान को स्थाई रूप से प्रभावित कर सकता है। ईयरफोन का इस्तेमाल करते समय उसकी आवाज मध्यम रहनी चाहिए। आइए इस लेख में ऐसे ही कुछ सावधानियों के बारे में जानते हैं।
इयरफोन के ज्यादा इस्तेमाल से होने वाले खतरे-
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, 12 से 35 वर्ष की आयु के लगभग 50% लोग, यानी करीब 1.1 अरब युवा पर बहरेपन का खतरा बना हुआ है। इस खतरे का सबसे प्रमुख कारण है कि तेज आवाज में इयरफोन का देर तक उपयोग करना।
विशेषज्ञों का कहना है कि 85 डेसीबल से अधिक की आवाज को लगातार सुनने से कानों की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। सामान्य तौर पर, अगर आप रोजाना 2 घंटे से ज्यादा ईयरफोन का उपयोग करते हैं, खासकर तेज वॉल्यूम पर, तो यह आपके कानों के लिए हानिकारक हो सकता है।
इयरफोन के ज्यादा इस्तेमाल से होने वाली समस्याओं में शामिल हैं-
- लगातार तेज आवाज सुनने से कानों की नाजुक कोशिकाएं नष्ट हो सकती हैं, जिससे बहरापन हो सकता है
- कानों में लगातार घंटी बजने या सीटी जैसी आवाज सुनाई देना
- लंबे समय तक इयरफोन पहनने से कान में नमी और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ता है
- तेज आवाज और लगातार उपयोग से मानसिक तनाव और सिरदर्द की समस्या हो सकती है।
देखा जाए तो इयरफोन एक बहुत अच्छा गैजेट है, जिसकी वजह से हम बहुत आसानी से अपना मनोरंजन कर सकते हैं, ऑनलाइन मीटिंग्स और क्लासेस अटेंड कर सकते हैं, या फिर बिना किसी को परेशान किए अपनी निजी ऑडियो सामग्री का आनंद ले सकते हैं, जिससे हमारी प्रोडक्टिविटी बढ़ती है। मगर इसको इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियां बरतने की विशेष जरूरत है।
- विशेषज्ञों के अनुसार, इयरफोन का वॉल्यूम 60% से कम रखें और एक बार में 60 मिनट से ज्यादा उपयोग न करें।
- ये इयरफोन बाहरी शोर को कम करते हैं, जिससे आपको तेज आवाज में संगीत सुनने की जरूरत नहीं पड़ती।
- अगर आप आसपास के लोगों की आवाज नहीं सुन पा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपका वॉल्यूम बहुत तेज है। इसे तुरंत कम करें।
- रोजाना 2 घंटे से ज्यादा ईयरफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। अगर आपको कुछ काम है और ज्यादा देर तक हेडफोन का इस्तेमाल करना पड़ रहा है तो ब्रेक लेकर इसका इस्तेमाल करें
- अगर आपको कानों में दर्द, जलन या सुनने में दिक्कत हो रही है, तो तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करें
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।