ब्लड शुगर का बढ़ा रहना संपूर्ण सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है, अगर ये लंबे समय तक अनियंत्रित रहे तो इससे तंत्रिका, आंखों लेकर हृदय और पाचन से संबंधित दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आप भी डायबिटीज के शिकार हैं, तो इसे कंट्रोल में रखने के लिए उपाय किया जाना जरूरी हो जाता है। आहार और लाइफस्टाइल में कुछ प्रकार के बदलाव इस समस्या में लाभकारी हो सकते हैं।
Diabetes Risk: क्या दालचीनी से वास्तव में कम होता है ब्लड शुगर लेवल, डायबिटीज रोगी पा सकते हैं लाभ?
मधुमेह में लाभकारी है दालचीनी
मधुमेह से पीड़ित लोगों में या तो उनका अग्न्याशय पर्याप्त इंसुलिन का उत्पादन नहीं कर पाता है या कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति ठीक से प्रतिक्रिया नहीं करती हैं, जिससे रक्त शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि दालचीनी का सेवन इंसुलिन के प्रभाव को कम करके डायबिटीज को कंट्रोल करने में आपके लिए मददगार हो सकती है।
इंसुलिन संवेदनशीलता को सुधारकर रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में भी इससे लाभ मिल सकता है।
अध्ययन में क्या पता चला?
80 लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि 12 सप्ताह तक रोजाना 1.5 ग्राम दालचीनी पाउडर लेने से फास्टिंग इंसुलिन के स्तर में उल्लेखनीय कमी आई। एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि 2 महीने तक दिन में दो बार 250 मिलीग्राम दालचीनी लेने से हाई शुगर वाले 137 लोगों में इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार हुआ। डायबिटीज की जटिलताओं को कम करने के लिए दालचीनी की चाय, अर्क और इसके पाउडर के सेवन को लाभकारी पाया गया है।
हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यह सिर्फ घरेलू उपचार हो सकता है, इसके साथ डायबिटीज का विशेषज्ञों से उपचार जरूरी है। डायबिटीज में किसी भी औषधि के सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
कैलोरी बर्न करने में इसके लाभ
एक प्रयोगशाला अध्ययन के अनुसार, दालचीनी में सिनामाल्डिहाइड नामक एक आवश्यक तेल पाया जाता है जो आपके फैट सेल्स को लक्षित कर सकता है और उन्हें अधिक मात्रा में कैलोरी बर्न करने में मदद करती है। फैट बढ़ने के कारण ब्लड शुगर की समस्या भी बढ़ने लगती है, दालचीनी का संयमित सेवन करने से इसमें लाभ मिल सकता है।
ब्लड प्रेशर भी रहता है कंट्रोल
कई अध्ययनों से पता चलता है कि 3 महीने तक हर दिन दालचीनी खाने से आपका सिस्टोलिक रक्तचाप 5 अंक तक कम हो सकता है। चूंकि अध्ययन में शामिल लोगों को प्रीडायबिटीज और टाइप-2 डायबिटीज की भी दिकक्त थी ऐसे में दालचीनी का सेवन करना शुगर और ब्लड प्रेशर दोनों को कंट्रोल करने में लाभकारी है। डायबिटीज रोगियों में ब्लड प्रेशर की दिक्कत होने का जोखिम अधिक रहता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।